एमसीएक्स स्टॉक एक्सचेंज (एमसीएक्स-एसएक्स) में कारोबार का शुभारंभ 18 नवंबर को 350 सदस्यों के साथ शुरू होगा। शुक्रवार को हुई निदेशक मंडल की बैठक में इस आशय का फैसला लिया गया। इसके तहत इक्विटी, इक्विटी फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस और दूसरे नए सेगमेंट में लाइव कारोबार एक्सचेंज में 350 सदस्यों के जुड़ते ही शुरू कर दिया जाएगा।
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने जांच की प्रक्रिया पूरी कर ली है और यह अतिरिक्त सेगमेटों में भी कारोबार के शुभारंभ के लिए पूरी तरह तैयार है। एक्सचेंज में दीपावली के पांचवें दिन यानी लाभ पंचम के शुभ मौके पर 18 नवंबर को टेक्नोलोजी इंफ्रास्ट्रक्चर का उद्घाटन होगा।
इस दिन सदस्यों की एक्सचेंज के साथ कनेक्टिविटी की जांच की जाएगी। एक्सचेंज के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ जोसेफ मैसी ने यह जानकारी दी। एक्सचेंज का सदस्यता अभियान पांच सितंबर को शुरू हुआ था, जिसके तहत 700 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।