उत्पाद कर में मिलने वाली छूट के समाप्त होते ही कार कंपनियों ने कारों की कीमतों में बढ़ोतरी शुरू कर दी। मारुति ने अपनी कार की कीमतों में चार फीसदी की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इसके तहत मारुति सुजुकी ने अपनी कारों की कीमतों में 31,600 रुपये तक का इजाफा किया है।
कंपनी के मुताबिक उत्पाद कर में समाप्त की गई छूट और उस वजह से कंपनी पर पड़ने वाले भार को उपभोक्ताओं पर डाल दिया गया है। कार कंपनियों को उत्पाद कर में मिलने वाली छूट गत 31 दिसंबर को समाप्त हो गई है। होंडा पहले ही कीमतें बढ़ा चुकी है।
मारुति के साथ ह्युंदे मोटर इंडिया ने भी अपनी कारों के दाम में बढ़ोतरी की घोषणा कर दी। ह्युंदे सेल्स व मार्केटिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव के मुताबिक उत्पाद कर और लागत में बढ़ोतरी को देखते हुए कंपनी ने अपने मॉडलों के दाम में 15,000-1,27,000 रुपये की बढ़ोत्तरी का फैसला किया है। नई कीमतें 1 जनवरी से प्रभावी हो गईं हैं।
मारुति ने पिछले साल दिसंबर में कार निर्माण की लागत बढ़ने की वजह से कीमत की समीक्षा कर दो से चार फीसदी तक की बढ़ोतरी की बात कही थी। विशेषज्ञों के मुताबिक कार की कीमत बढ़ने से ग्राहकों को उस पर लगने वाले वैट, रोड टैक्स व बीमा की भी अधिक राशि चुकानी पड़ती है। इस बीच जनरल मोटर्स इंडिया ने भी अपने वाहनों की कीमतों में 61,000 रुपये तक का इजाफा कर दिया है।