शराब कारोबारी विजय माल्या ने अरबपति का दर्जा खोने पर ऊपरवाले का शुक्रिया अदा किया और उम्मीद जाहिर की कि इससे लोगों को उनसे कम जलन होगी, उन्हें लेकर कम पागलपन होगा और उन पर कम आक्षेप लगेंगे।
‘किंग ऑफ गुड टाइम्स’ के तौर पर जाने जाने वाले माल्या फोर्ब्स की अरबपतियों की सूची से बाहर हो गए हैं, क्योंकि उनके विमानन कारोबार में चल रहे बुरे वक्त से उनका नेटवर्थ एक अरब डॉलर से कम हो गया। फोर्ब्स द्वारा जारी भारत के 100 सबसे अमीर लोगों की ताजा सूची में माल्या 80 करोड़ डॉलर (4,285 करोड़ रुपये) की संपत्ति के साथ 73वें स्थान पर हैं। पिछले साल वह 1.1 अरब डॉलर के साथ 49वें स्थान पर थे।
नई सूची पर अपनी प्रतिक्रिया में किंगफिशर एयरलाइंस के मालिक माल्या ने शुक्रवार सुबह ट्विट किया कि, ‘ऊपरवाले का शुक्रिया कि फोर्ब्स ने मुझे तथाकथित अरबपतियों की सूची से बाहर कर दिया। इसका अर्थ होगा कम जलन, कम पागलपन और कम आक्षेप।’