सप्ताह भर चली कानूनी लड़ाई के बाद आखिरकार भारतीय इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी जीएमआर ने शुक्रवार मध्य रात्रि माले एयरपोर्ट को मालदीव की सरकारी कंपनी मालदीव्स एयरपोर्ट कंपनी लिमिटेड (एमएसीएल) के सुपुर्द कर दिया। मालदीव सरकार ने विगत 27 नवंबर को जीएमआर के साथ 51.1 करोड़ डॉलर का अनुबंध रद्द करते हुए उसे शुक्रवार तक इब्राहिम नासीर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का परिचालन एमएसीएल को सौंपने को कहा था।
एयरपोर्ट को मालदीव सरकार को सौंपने का निर्णय सिंगापुर हाईकोर्ट द्वारा बृहस्पतिवार को दिए निर्णय के बाद किया गया। हाईकोर्ट ने फैसला दिया था कि सरकार को जीएमआर से एयरपोर्ट का अनुबंध वापस लेने का अधिकार है।