अगर सरकार ने डीलरों को नौ फीसदी से ज्यादा कमीशन देने की सिफारिश मंजूर कर ली तो रसोई गैस सिलेंडरों की कीमत साढ़े तीन रुपए बढ़ जाएगी।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक पेट्रोलियम मंत्रालय की ईंधन कीमत तय करने वाली इकाई पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल ने 14.2 किलो के रसोई गैस सिलेंडर पर मिलने वाले कमीशन को 3.46 रुपए बढ़ा कर 40.71 रुपए करने की सिफारिश की है।
सेल ने पांच किलो वाले रसोई गैस सिलेंडरों पर भी कमीशन 1.73 रुपए बढ़ा कर 20.36 रुपए करने की सिफारिश की है। अमूमन इस कमीशन का भार ग्राहकों पर डाल दिया जाता है।
उम्मीद की जा रही है अगले कुछ सप्ताह में कमीशन में बढ़ोतरी लागू कर दी जाएगी। दिल्ली में 14.2 किलो का रसोई गैस सिलेंडर 410.50 रुपए का है।
पिछली बार रसोई गैस की कीमत अक्टूबर में बढ़ी थी। उस समय भी डीलरों का कमीशन बढ़ाया गया था और सिलेंडरों की कीमत 399 रुपए से बढ़ कर 410.50 रुपए हो गई थी।
दिल्ली में पांच किलो वाले रसोई गैस सिलेंडरों की कीमत 353 रुपए रखी गई है।