बकाया वेतन की मांग कर रहे किंगफिशर एयरलाइंस के इंजीनियरों की हड़ताल में आज पायलट भी शामिल हो गए। जिसके चलते एयरलाइंस ने आज 50 उडानें रद्द कर दी हैं। एयरलाइंस के सूत्रों के अनुसार मुंबई, दिल्ली, चेन्नई और बेंगलूर की सभी उडानें रद्द करनी पडीं। देश की अन्य मार्गों की उडानों पर भी असर पड़ा है। सूत्रों ने बताया कि पायलटों और इंजीनियरों के एयर लाइंस प्रबंधकों के साथ मतभेद गहरा जाने के कारण उडानों पर असर पड़ा है।
गौरतलब है कि मुंबई और दिल्ली में कार्यरत इंजीनियरों का एक समूह कल शाम हड़ताल पर चला गया। इंजीनियर सात माह से बकाया वेतन के भुगतान की मांग कर रहे हैं। मुंबई में आज पायलटों का एक समूह भी हड़ताल में शामिल हो गया। हड़ताल के कारण देश के बडे महानगरों में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है।
किंगफिशर एयरलाइंस की उड़ानें रद्द किए जाने के बाद विमानन क्षेत्र नियामक डीजीसीए ने इसके परिचालन की समीक्षा करने का निर्णय लिया है। नागर विमानन महानिदेशक डीजीसीए अरुण मिश्रा ने कहा कि हम किंगफिशर एयरलाइंस की स्थिति की समीक्षा करेंगे। मिश्रा ने कहा कि एयरलाइंस की स्थिति पर नागर विमानन मंत्रालय के साथ विचार विमर्श किया जाएगा।
हड़ताल के कारण किंगफिशर एयरलाइंस के शेयर भी 5 फीसदी तक गिर गए हैं। मुंबई स्टॉक एक्सचेंज में कंपनी के शेयर 4.78 फीसदी गिरकर 15.35 रुपए के स्तर पर पहुंच गए हैं। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज मे कंपनी के शेयर 4.95 फीसदी गिरकर 15.35 के स्तर पर पहुंच गए हैं।