इंडिया अगेंस्ट करप्शन के नेता अरविंद केजरीवाल का काले धन पर किए गए ताजा खुलासे का असर शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 1.12 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। वहीं जेट एयरवेज के शेयर 1.31 फीसदी लुढ़क गए। आर्थिक विश्लेषकों का कहना है कि केजरीवाल के खुलासे के कारण इन कंपनियों के शेयर लुढ़के।
अरविंद केजरीवाल ने स्विस बैंक के जिन खातों की जानकारी दी, उनमें से अधिकांश उद्योग जगत के दिग्गजों से जुड़े हैं। इनमें मुकेश व अनिल अंबानी के अलावा जेट एयरवेज के नरेश गोयल, उद्योगपति यशोवर्द्घन बिड़ला और डाबर के बर्मन बंधु शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि स्विस बैंकों में जमा काल धन भारत आ सकता है, लेकिन सरकार उसे वापस नहीं लाना चाहती है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी केजरीवाल ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा और रीयल स्टेट कंपनी डीएलएफ के बीच सांठगांठ का खुलासा किया था। इसके बाद डीएलएफ के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई थी।