आईटी कंपनी इनफोसिस के बेहतरीन तिमाही नतीजों ने घरेलू शेयर बाजार को काफी अच्छी बढ़त दिलाई। लगातार दूसरे सत्र में बड़े उछाल के साथ बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स डेढ़ महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।
सेंसेक्स 282.41 अंक की तेजी के साथ 20 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर की ओर बढ़ते हुए 19,958.47 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 73.90 अंक उछल कर छह हजार के स्तर को पार करते हुए 6,009 अंक पर रहा। एमसीएक्स एसएक्स का एसएक्स-40 सूचकांक 144.07 अंक की बढ़त के साथ 11,888.88 अंक पर रहा।
बीएसई में बड़ी कंपनियों के शेयरों में जहां तगड़ी लिवाली हुई, वहीं छोटी व मझोली कंपनियों के शेयरों पर बिकवाली का दबाव बना रहा। बीएसई का मिडकैप उतार-चढ़ाव के बीच 6,048.41 अंक पर अपरिवर्तित रहा। स्मॉलकैप 0.19 फीसदी गिरकर 5,737.16 अंक पर रहा।
बीएसई में कुल 2,447 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 1,076 बढ़त में और 1,223 गिरावट में रहे, जबकि 148 में कोई बदलाव नहीं हुआ। सेंसेक्स में शामिल 30 में से 22 कंपनियों के शेयर तेजी में रहे। इनफोसिस 10.92 अंक की बढ़त के साथ टॉप गेनर रही।
इसके अलावा एलएंडटी 2.72 फीसदी, डा. रेड्डीज 2.57, टाटा मोटर्स 2.31, रिलायंस 2.21, एचडीएफसी बैंक 1.95, भारती एयरटेल 1.65, एनटीपीसी 1.63, सिप्ला 1.36, टाटा पावर 1.36, सनफार्मा 1.20 और भेल 0.91 फीसदी की बढ़त पर रहे।
दूसरी ओर कार बिक्री में 8.17 फीसदी की गिरावट झेलने वाली मारुति को शेयर बाजार में भी झटका लगा और 3.58 फीसदी गिरावट के साथ इसके शेयर टॉप लूजर साबित हुए।
इसके अलावा ओएनजीसी 2.72 फीसदी, महिंद्रा 1.38, हिंडाल्को 1.12, सनफार्मा 1.20 और भेल 0.91 फीसदी की गिरावट पर रहे।