महंगाई को मात देने वाला इनफ्लेशन इंडेक्स बांड जल्द ही आ सकता है, जिसमें निवेश कर आप महंगाई दर की तुलना में बांड से ज्यादा रिटर्न प्राप्त कर सकेंगे।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) इस तरह का बांड अगले एक महीने में निवेशकों के लिए बाजार में ला सकता है। यह बांड थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित होगा।
भारतीय रिजर्व बैंक के डिप्टी गर्वनर एचआर खान ने बृहस्पतिवार को बांड के संबंध में बताया कि इनफ्लेशन इंडेक्स बांड अगले एक महीने में आरबीआई जारी कर सकता है। इस संबंध में विस्तृत दिशानिर्देश भी जारी किया जाएगा। बांड अभी थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित होगा, जिसके तहत हर छह महीने पर सूचकांक की समीक्षा होगी।
डिप्टी गवर्नर के अनुसार बांड किस तरह का होगा, इस संबंध में अंतिम स्तर की चर्चा की जा रही है। जहां तक निवेश अवधि की बात है तो यह सात साल से 15 साल के बीच होगी। शुरुआती तौर पर यह बांड सरकार द्वारा जारी किए गए किसी भी प्रतिभूति की तरह ही होगा। रिटेल निवेशकों को आकर्षित करने के लिए हम इस तरह की कोशिश कर रहे हैं कि वह बांड में निवेश बिना नीलामी के जरिए कर सकें।
क्या है इनफ्लेशन इंडेक्स बांड
महंगाई दर के मुकाबले यदि किसी निवेश में ज्यादा रिटर्न मिले, तो उस बांड में हर कोई निवेश करना चाहेगा। इनफ्लेशन इंडेक्स बांड इसी अवधारणा पर आधारित होता है। यानी, महंगाई दर अगर आठ फीसदी है, तो बांड में निवेश करने पर रिटर्न आपको महंगाई दर की तुलना में ज्यादा मिलेगा।
गोल्ड के प्रति रुझान कम करना चाहती है सरकार
अर्थव्यवस्था में सुस्ती और बाजार के जोखिम को देखते हुए इस समय रिटेल निवेशक प्रमुख रूप से सोने में निवेश कर रहे हैं। जिसकी वजह से पूंजी बाजार में नहीं आ रही है। सरकार इनफ्लेशन इंडेक्स बांड के जरिए खास तौर से रिटेल निवेशकों की सोने में निवेश की प्रवृत्ति को कम करना चाहती है।