फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महंगाई दर दस महीने में सबसे कम

Sat, 15 Dec 2012 12:07 AM IST
नई दिल्ली/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
अक्टूबर के दौरान औद्योगिक उत्पादन में जबरदस्त सुधार से उत्साहित सरकार को महंगाई से भी राहत मिली है। थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित महंगाई दर घटकर पिछले दस महीने के सबसे निचले स्तर पर आ गई है। नवंबर में महंगाई दर 7.24 फीसदी रही है, जबकि गत अक्टूबर में यह 7.45 फीसदी थी। पिछले साल नवंबर में महंगाई दर 9.46 फीसदी रही थी। वित्त मंत्री ने उम्मीद जताई है कि अगले तीन-चार महीनों में महंगाई और कम होगी। देखना होगा कि महंगाई की वजह से ब्याज दरों में कटौती से हिचक रहा भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) इस कमी को कितनी अहमियत देता है।
विज्ञापन


महंगाई में कमी के बावजूद सब्जियों को छोड़कर खाने की बाकी वस्तुओं की महंगाई बढ़ती जा रही है। नवंबर में खाद्य महंगाई दर 6.62 फीसदी से बढ़कर 8.5 फीसदी तक पहुंच गई है। इसी तरह प्राथमिक वस्तुओं की महंगाई दर भी 8.21 फीसदी से बढ़कर 9.24 फीसदी हुई है। फैक्टरी में बनने वाले उत्पादों की महंगाई दर नंवबर में घटकर 5.41 फीसदी हुई है जबकि पिछले साल यह 5.95 फीसदी थी। गैर उत्पादित सामानों की महंगाई दर 5.2 फीसदी से घटकर 4.5 फीसदी रही। ईंधन और ऊर्जा श्रेणी की महंगाई गत वर्ष नवंबर में 15.48 फीसदी के मुकाबले इस साल घटकर 10 फीसदी हो गई है। वित्त मंत्री पी चिदंबरम का कहना है कि महंगाई को लेकर सरकार चिंतित है। लेकिन उम्मीद है कि अगले तीन-चार महीनों में महंगाई घटेगी।

प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष डॉ. सी. रंगराजन का कहना है कि मुद्रास्फीति का घटना अच्छा संकेत है लेकिन नॉन-कोर वस्तुओं की महंगाई अभी भी ज्यादा है। हमें महंगाई को 5-6 फीसदी के बीच लाने के प्रयास करने चाहिए। उनका मानना है कि महंगाई दर में एक और महीने गिरावट आई तो आरबीआई दरें घटा सकता है।
विज्ञापन


नवंबर में सस्ती हुई सब्जियां
कम हुई महंगाई को सबसे ज्यादा राहत सस्ती हुई सब्जियों से मिली है। गत नवंबर में सब्जियों की थोक कीमतें 1.19 फीसदी कम हुई हैं, जबकि पिछले साल नवंबर में सब्जियां 10.68 फीसदी महंगी हुई थीं। सब्जियां भले सस्ती हुई हों लेकिन अनाज, दालें, खाद्य तेल, चीनी, आलू व प्याज की कीमतें बढ़ी हैं।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें