कारोबारी गतिविधियों की सुस्त रफ्तार के चलते देश में सेवा क्षेत्र की वृद्धि दर नवंबर में 13 माह के न्यूनतम स्तर पर आ गई। एचएसबीसी के सर्वे में यह बात सामने आई है। एचएसबीसी का सर्विस पर्चेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स (पीएमआई) नवंबर के दौरान घटकर 52.1 रह गया, जो पिछले 13 महीने का न्यूनतम स्तर है। अक्तूबर में यह सूचकांक 53.8 अंक पर था। सितंबर में सात महीने के शीर्ष स्तर पर पहुंच जाने के बाद पिछले दो महीने से सूचकांक में अच्छी खासी गिरावट आ रही है। हालांकि, यह अभी भी 50 अंक से ऊपर है।
एचएसबीसी के मुख्य अर्थशास्त्री (भारत व आसियान) लीफ एसकेसिन ने कहा कि नवंबर के दौरान कारोबारी गतिविधियों की वृद्धि दर धीमी रही। इसके साथ ही नए कारोबार की चाल भी सुस्त दर्ज की गई। दोनों ही मामलों में ऐसा दीपावली के दौरान कम कारोबारी दिनों के चलते हो सकता है। हालांकि, सेवा प्रदाता लघु अवधि के आर्थिक पूर्वानुमान को लेकर आशान्वित हैं। उन्हें आने वाले वर्षों में मांग में अनुमानित बढ़ोतरी, मजबूत मार्केटिंग गतिविधि और ब्रांड की साख को बनाए रखने के साथ कारोबारी गतिविधियों में सुधार होने की उम्मीद है।
एसकेसिन का कहना है कि सर्वे में शामिल कुछ लोगों द्वारा कारोबार में विस्तार करने की बात कही। इससे कारोबारी उम्मीद सूचकांक में अहम सुधार हुआ है। इससे पहले एचएसबीसी सर्वे में कहा गया कि नवंबर के दौरान देश में मैन्यूफैक्चरिंग क्षेत्र में सुधार होगा और पांच माह में मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर की वृद्धि दर सबसे तेेज दर्ज की गई। एचएसबीसी इंडिया के मुताबिक, भारत का समग्र उत्पादन सूचकांक (मैन्यूफैक्चरिंग व सेवा क्षेत्र) नवंबर में 53.2 अंक रहा। गत अक्तूबर के 53.5 की तुलना में यह मामूली नीचे है।