एक बार फिर एयरलाइंस कंपनियों के बीच सस्ते किराए होड़ मच गई है।
मंगलवार को स्पाइस जेट और इंडिगो ने घरेलू टिकटों के बेस फेयर पर 50 फीसदी डिस्काउंट देने का ऐलान किया है। लेकिन यह ऑफर सिर्फ बृहस्पतिवार तक है और टिकट यात्रा से 30 दिन पहले खरीदने होंगे।
लेकिन जिस तरह स्पाइट जेट के ऐलान के कुछ घंटों के भीतर इंडिगो ने ऑफर जारी किया, उससे प्राइस वार की आहट सुनाई दे रही है। गोएयर ने भी अपने किराए में 20 फीसदी तक कटौती की है।
एयर इंडिया ने भी ‘स्प्रिंग सेल’ के नाम से सभी घरेलू फ्लाइटों पर 50 फीसदी तक की छूट देने का फैसला किया है।
24 जनवरी तक रहेगी स्कीम
एयर इंडिया की यह स्कीम 24 जनवरी तक रहेगी। जबकि जेट एयरवेज ने फिलहाल इस संबंध में कोई फैसला नहीं लिया है।
स्पाइट जेट के टिकटों की सुपर सेल बृहस्पतिवार रात 12 बजे तक जारी रहेगी।
स्पाइस जेट के ऑफर के तहत दिल्ली से गोवा का टिकट 3355 रुपये, दिल्ली से मुंबई का टिकट 2,830 रुपये और मुंबई से दिल्ली का टिकट 3,054 रुपये से शुरू होगा।
इस ऑफर के तहत मिले टिकट 15 अप्रैल तक की यात्रा के लिए ही मान्य हैं।
एफडीआई के जरिए भारतीय बाजार में उतर रही एयर एशिया और सिंगापुर एयरलाइंस के आने से देश के विमानन क्षेत्र में हलचल मची हुई है। ये दोनों एयरलाइंस सस्ती सेवाएं देने में माहिर हैं।
कंसल्टेंसी फर्म केपीएमजी के एयरोस्पेस हेड अंबर दुबे का कहना है कि इस तरह के ऑफर लीन सीजन में मांग बढ़ने में मददगार साबित होंगे। इससे बाकी एयरलाइंस कंपनियों पर दाम घटाने का दबाव बढ़ेगा।
यात्राडॉटकॉम के प्रेसिडेंट शरत ढाल ने बताया कि इस तरह के ऑफर के दौरान टिकटों की बिक्री दो-तीन गुनी तक बढ़ जाती है।
टिकटों की मांग बढ़ाने की योजना
लीन सीजन में हवाई टिकटों की मांग बढ़ाने के उद्देश्य से एयरलाइंस इस तरह की छूट देती हैं। इससे मार्च के अंत तक उन्हें फंड जुटाने में भी मदद मिल जाती है।
इस समय को पारंपरिक रूप से मांग और राजस्व दोनों ही मामलों में कमजोर समय माना जाता है, इसलिए तरह-तरह के ऑफर देकर ग्राहकों को लुभाने की कोशिश होती है।
नियमित प्रक्रिया है ऑफ सीजन सेल
स्पाइस जेट के प्रवक्ता का कहना है कि दुनिया भर में एयरलाइन इंडस्ट्री में इस तरह की ऑफ सीजन सेल एक रूटीन प्रक्रिया है। इस तरह से कंपनियों को उन सीटों को भरने में मदद मिल जाती है, जो आमतौर पर खाली जाती हैं।
बुकिंग में आई तेजी
सस्ती टिकटों की घोषणा के कुछ घंटों बाद ही ट्रेवल वेबसाइटों पर टिकटों की बुकिंग में तेजी देखने को मिलने लगी।