भारत वैश्विक स्तर पर साल 2016 तक अमेरिका को पछाड़ कर स्मार्टफोन का दूसरा सबसे बड़ा बाजार बन जाएगा। रिसर्च फर्म ईमार्केटर का कहना है कि स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनियां सस्ते स्मार्टफोन की पेशकश कर रही हैं। ऐसे में भारत में स्मार्टफोन का प्रसार तेज गति से हो रहा है।
ईमार्केटर के अनुसार उभरते बाजारों में सस्ते स्मार्टफोन के बढ़ते प्रसार से 2016 में वैश्विक स्तर पर स्मार्टफोन यूजर्स की संख्या 2 अरब से ज्यादा होने में मदद मिलेगी। ईमार्केटर की हालिया
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत 20 करोड़ स्मार्टफोन यूजर्स के साथ 2016 तक अमेरिका को पछाड़ कर दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन बाजार बन जाएगा।
रिपोर्ट के मुताबिक चीन 2016 में 62.47 करोड़ स्मार्टफोन यूजर्स के साथ पहले स्थान पर बना रहेगा। इसके बाद 20.41 करोड़ यृजर्स के साथ भारत दूसरे स्थान पर और अमेरिका 19.85 करोड़ यृजर्स के साथ तीसरे स्थान पर होगा। रूस 6.51 करोड़ यूजर्स और जापान 6.12 करोड़ यूजर्स के साथ चौथे और पांचवें स्थान पर होंगे।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 2014 में चीन में स्मार्टफोन यूजर्स की अनुमानित संख्या 51.97 करोड़ होगी। इसके बाद अमेरिका में 16.53 करोड़ यूजर्स और भारत में 12.33 करोड़ यूजर्स होंगे।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 2015 में पहली बार वैश्विक आबादी का एक तिहाई से अधिक हिस्सा स्मार्टफोन का इस्तेमाल करेगा और 2018 तक पूरी दुनिया में एक तिहाई से अधिक उपभोक्ता स्मार्टफोन का इस्तेमाल करेंगे।
ईमार्केटर का कहना है कि उभरते बाजारों में सस्ते स्मार्टफोन मार्केटिंग और वाणिज्य के लिए नए अवसर पैदा कर रहे हैं, जहां पहले उपभोक्ताओं की पहुंच इंटरनेट तक नहीं थी।
रिपोर्ट में कहा गया है कि हालांकि परिपक्व और स्थापित बाजारों में स्मार्टफोन मीडिया का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं के लिए तेजी से बदलाव का वाहक बन रहे हैं।