दुनिया में सबसे तेज रफ्तार से बढ़ रही भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार 2047 तक 20 लाख करोड़ डॉलर हो जाएगा। यह तभी संभव है, जब अगले 25 वर्षों तक औसत वार्षिक वृद्धि 7-7.5 फीसदी हो। प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (ईएसी-पीएम) के चेयरमैन बिबेक देबरॉय ने मंगलवार को ‘भारत के लिए प्रतिस्पर्धात्मकता का मसौदा @100’ जारी करते हुए कहा, पीएम नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है।
भारत दुनिया के सर्वाधिक महत्वपूर्ण देशों में एक : माइकल ई पोर्टर
हार्वड बिजनेस स्कूल के प्रोफेसल माइकल ई पोर्टर ने कहा, भारत दुनिया के सर्वाधिक महत्वपूर्ण देशों में एक है। उन्होंने कहा, भारत के 2047 तक उच्च आय वाला देश बनने का लक्ष्य पाने के लिए सामाजिक और आर्थिक एजेंडे को एकीकृत करने की जरूरत है।
एशियाई देशों में भारत की वृद्धि दर सबसे तेज होगी : मॉर्गन स्टैनली
मॉर्गन स्टैनली के विश्लेषकों ने कहा, 2022-23 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर एशियाई देशों में सबसे तेज होगी। इस दौरान भारतीय जीडीपी की वृद्धि दर 7% रह सकती है। उन्होंने कहा, भारतीय जीडीपी एक दशक से अधिक समय में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए तैयार है। इसकी प्रमुख वजह रुकी मांग को पूरा किया जाना है। एशियाई और वैश्विक विकास में भारत का योगदान क्रमश: 28% एवं 22 फीसदी है।