निजी क्षेत्र के बैंक आईसीआईसीआई बैंक ने नए ग्राहकों के लिए होम लोन पर कैश-बैक ऑफर स्कीम लांच की है। बैंक इसके तहत ग्राहकों को उसकी हर ईएमआई पर एक फीसदी राशि वापस करेगा। यानी, प्रत्येक ईएमआई की राशि का एक फीसदी हिस्सा ग्राहक को वापस अलग खाते में या मूलधन में से उतनी राशि कम करके मिलेगा।
बैंक ने ग्राहकों को इन दोनो में से एक को चुनने का विकल्प दिया हैं। कैश बैक की सुविधा ग्राहकों को पहली ईएमआई से मिलेगी, हालांकि उसके खाते में राशि 36 ईएमआई देने के बाद मिलेगी। कैश बैक की राशि ग्राहक को 12 वें महीने पूरे साल की मिलेगी। इसके अलावा बैंक ग्राहकों को अपने फिक्सड रेट पर आधारित लोन को दो साल, तीन और पांच साल के बाद नवीनीकरण कराने का भी मौका दे रहा है।
तीस दिन के अंदर कनवर्जन कराने पर ग्राहक को किसी तरह का कोई शुल्क नहीं देना होगा। बैंक अभी दो साल के फिक्सड रेट पर 30 लाख तक के कर्ज पर 10.25 फीसदी और उससे ज्यादा के कर्ज पर 10.50 फीसदी फिक्सड रेट पर कर्ज दे रहा है। इसी तरह तीन साल तक के फिक्सड रेट पर 10.50 और 10.75 फीसदी और पांच साल तक के फिक्सड रेट पर 10.75 और 11 फीसदी के ब्याज पर कर्ज दे रहा है।