कार निर्माता कंपनी होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड (एचसीआईएल) ने अपनी फैमिली सेडान अमेज को घरेलू बाजार में मिली शानदार सफलता का जश्न मनाने के लिए ‘लांगेस्ट डाइव थ्रू अमेजिंग इंडिया’ ड्राइव शुरू किया है।
होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (मार्केटिंग एंड सेल्स) ज्ञानेश्वर सेन ने सोमवार को अमेज को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस ड्राइव के तहत अमेज देश भर में 23,000 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। ड्राइव देश भर के 250 शहरों और कस्बों से होकर गुजरेगी ओर ग्रेटर नोएडा में जाकर समाप्त होगी।
ड्राइव के बारे में ज्ञानेश्वर सेन ने बताया कि होंडा अमेज को ग्राहकों की ओर से शानदार रिस्पांस मिला है। बाजार मेें दस्तक देने के महज 16 महीनों के भीतर ही इस कार ने 1 लाख का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लिया है। हम इस सफलता का जश्न ‘लांगेस्ट ड्राइव थ्रू अमेजिंग इंडिया’ का आयोजन कर मना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में सड़कों की स्थिति और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में लंबी दूरी तय कर अमेज होंडा टिकाऊपन और विश्वसनीयता का प्रदर्शन करेगी। इस ड्राइव के तहत विभिन्न शहरों में ग्राहक सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। ग्राहकों को न सिर्फ इन आयोजनों में शामिल किया जाएगा बल्कि उन्हें इस ड्राइव में हिस्सा लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
होंडा अमेज के साथ ही होंडा कार्स इंडिया ने भारत में डीजल कार श्रेणी में कदम रखकर अपने परिचालन का दायरा बढ़ाया है। 1.5 लीटर आई-डीटीईसी डीजल इंजन और 1.2 आई-वीटीईसी पेट्रोल इंजन के साथ अमेज एक शानदार पैकेज है। इस पैकेज में होंडा की सबसे बेहतरीन तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।