जापान की कंपनी हिताची भारत में अपनी विस्तार योजनाओं के तहत करीब 4,700 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी इसके अलावा अगले चार साल में देश में पांच नई इकाइयां भी लगाएगी। कंपनी इसके जरिए मार्च 2016 तक अपना टर्नओवर 20 हजार करोड़ रुपये तक ले जाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। साल 2011-12 में कंपनी को का टर्नओवर 6700 करोड़ रुपये रहा था।
गुरुवार को कंपनी की योजनाओं के बारे में हिताची के प्रेसिडेंट हिरोकी नाकानिशी ने संवादाताओं को बताया कि कंपनी पहली बार जापान के बाहर किसी देश में बोर्ड की बैठक कर रही है। यह बैठक भारत में हो रही है। इससे स्पष्ट है कि भारतीय बाजार हमारे लिए कितना अहम है। कंपनी ने इसके अलावा भारत में कारोबारी रणनीति की रुपरेखा साल 2015-16 तक के लिए तय कर दी है। मार्च 2016 तक 20 हजार करोड़ रुपये (300 अरब येन)टर्नओवर ले जाने का लक्ष्य है।
नाकानिशी ने कहा कि इसके लिए कंपनी करीब 4,700 करोड़ रुपये (70 अरब येन) का निवेश भारत में करेगी। हिताची इंडिया के एमडी इचीरो इनो ने बताया कि लक्ष्यों को पाने के लिए कंपनी मार्च 2016 तक भारत में पांच नई इकाइयां लगाएगी। इसके तहत ऑटो कंपोनेंट इकाई चेन्नई में लगाएगी। कंपनी नीमराना में एक संयुक्त उपक्रम भी लगाएगी। अभी कंपनी की 12 इकाइयां भारत में हैं। कंपनी भारत में पॉवर और इंडस्ट्रियल सिस्टम, इंडस्ट्रियल कंपोनेंट, एयरकंडीशनिंग और टेलीविजन का कारोबार प्रमुख रुप से करती है।