निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक ने एक पर्यावरण हितैशी पहल के तहत ग्राहकों को उनके डेबिट कार्ड का पिन नंबर डाक द्वारा न भेज कर एसएमएस के जरिए भेजने का फैसला किया है।
एचडीएफसी बैंक के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और बिजनेस हेड (कार्ड्स पेमेंट प्रोडक्ट्स) पराग राव ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यह कदम पर्यावरण के लिए अच्छा हाने के साथ ही सुविधाजनक और समय की बचत करने वाला भी है।
उन्होंने कहा कि ग्रीन पिन को लांच करके हम अपने ग्राहकों को सुविधानुसार अपने डेबिट कार्ड के लिए नया पिन जेनरेट करने की सहूलियत दे रहे हैं। इससे ग्राहकों को सुविधा मिलने के साथ ही कागज की खपत कम करके हम पर्यावरण को बचाने में योगदान भी दे सकेंगे।
उन्होंने बताया कि ग्रीन पिन के तहत बैंक ग्राहकों को बैंक के पास उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) भेजेगी। इस ओटीपी के जरिए ग्राहक बैंक के एटीएम में अपने कार्ड का पिन नंबर सेट कर सकेगा। ग्राहकों को ओटीपी उनके आवेदन के 48 घंटे के भीतर भेज दिया जाएगा।
जम्मू-कश्मीर में बल्क एसएमएस भेजने पर रोक के चलते ग्रीन पिन की यह सुविधा जम्मू-कश्मीर को छोड़कर देश के सभी राज्यों में उपलब्ध कराई जा रही है। गौरतलब है कि एचडीएफसी बैंक हर साल औसतन 16.5 लाख नए डेबिट कार्ड जारी करता है। वर्तमान में देशभर में उसके करीब 1.75 डेबिट कार्ड धारक हैं।