देश की चौथी सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीस ने बीती तिमाही
के दौरान 32.3 फीसदी ज्यादा मुनाफा कमाया। शुक्रवार को जारी कंपनी के
नतीजों के मुताबिक 30 सितंबर को समाप्त तिमाही में कंपनी को 1,873 करोड़
रुपये का लाभ हुआ।
पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 1,416
करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। कंपनी के मुनाफे में यह बढ़ोतरी यूरोप में
मांग में तेजी आने से हुई है। बीती तिमाही में कंपनी की आय 9.7 फीसदी की
सालाना बढ़ोतरी के साथ 7,961 करोड़ रुपये के मुकाबले 8,735 करोड़ रुपये पर
पहुंच गई।
डॉलर में कंपनी की आय 36.1 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 30.72 करोड़
डॉलर रही। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 22.56 करोड़ डॉलर का
मुनाफा हुआ था। डॉलर में कंपनी की आय 12.8 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी के साथ
1.27 अरब डॉलर के मुकाबले 1.43 अरब डॉलर पर पहुंच गई।