चालू वित्तीय वर्ष के अप्रैल-नवंबर की अवधि के दौरान सकल प्रत्यक्ष कर वसूली 7.14 फीसदी बढ़कर 3.25 लाख करोड़ रुपये हो गई। पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 3.04 लाख करोड़ रुपये था। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक समीक्षाधीन अवधि में व्यक्तिगत आयकर संग्रह में 14.94 फीसदी की वृद्धि हुई और यह बढ़कर 1.19 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में व्यक्तिगत कर संग्रह 1.04 लाख करोड़ रुपये रहा था। हालांकि, अप्रैल से नवंबर की अवधि के दौरान कॉरपोरेट कर संग्रह में महज 3 फीसदी की वृद्धि हुई और यह 2.05 लाख करोड़ रुपये पर दर्ज किया गया। पिछले साल की समान अवधि में यह आंकड़ा 1.99 लाख करोड़ रुपये का था। अप्रैल-नवंबर अवधि में संपत्ति कर वसूली 27.10 फीसदी बढ़कर 619 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल की इसी अवधि में 487 करोड़ रुपये थी। हालांकि, समीक्षाधीन अवधि में सिक्युरिटी ट्रांजेक्शन टैक्स (एसटीटी) 12.83 फीसदी गिरकर 2,914 करोड़ रुपये रह गया। पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में एसटीटी वसूली 3,343 करोड़ रुपये की हुई थी।