सरकार देश की पांच प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों से 1,842 करोड़ रुपये वसूलने की तैयारी कर रही है। इसके तहत सरकार ने भारती एयरटेल लिमिटेड, वोडाफोन ग्रुप की भारतीय कंपनी, रिलायंस कम्युनिकेशंस, आइडिया सेलुलर और टाटा टेलीसर्विसेज को नोटिस भेजा है।
संसद में सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार राज्य मंत्री मिलिंद देवड़ा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पांचों कंपनियों के ऑडिट में पाया गया है कि इन्होंने साल 2006-07 और 2007-08 के बीच अपनी आय कम दिखाई है।
जिसे देखते हुए सरकार ने रिलायंस कम्युनिकेशंस से 623 करोड़ रुपये, टाटा टेलीसर्विसेज से 505 करोड़ रुपये, भारतीय एयरटेल से 332 करोड़ रुपये, वोडाफोन इंडिया से 247 करोड़ रुपये और आइडिया से 134 करोड़ रुपये राशि ब्याज सहित वसूलने की कवायद शुरू की है।