सरकार ने 2,327 करोड़ रुपये के 19 प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के प्रस्तावों को मंजूरी दे दी। इनमें डिज्नी और रेकिट बेंकाइजर (इंडिया) के निवेश प्रस्ताव भी शामिल हैं।
वित्त मंत्रालय की ओर से जारी से बयान के मुताबिक विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड (एफआईपीबी) की सिफारिशों के आधार पर सरकार ने कुल 2,376.72 करोड़ रुपये के 19 एफडीआई प्रस्तावों को मंजूरी दे दी। हालांकि, एफआईपीबी ने मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज के एक निवेश प्रस्ताव को खारिज कर दिया।
इसके अलावा एफआईपीबी ने जॉर्ज इंस्टीट्यूट फॉर ग्लोबल हेल्थ (हैदराबाद), बीआईईएसएसई मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी (बंगलूरू) और तीन अन्य के निवेश आवेदनों को भी निरस्त कर दिया। वहीं, वित्त मंत्रालय ने सात एफडीआई प्रस्तावों पर फैसला टाल दिया।
सरकार ने वाल्ट डिज्नी कंपनी (दक्षिणपूर्व एशिया) प्राइवेट लिमिटेड, सिंगापुर को यूटीवी सॉफ्टवेयर कम्युनिकेशंस में 1,100 करोड़ रुपये तक की इक्विटी कैपिटल की खरीदारी के जरिए अतिरिक्त पूंजी निवेश के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। रेकिट बेंकाइजर के 725 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव को भी अनुमति मिल गई।