त्योहारी मांग आने से घरेलू सराफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। स्थानीय बाजार में सोना 50 रुपये बढ़कर 31,800 रुपये प्रति दस ग्राम हो गया। चांदी के भाव 400 रुपये की बढ़त लेकर 61,400 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गए।
लंदन में कारोबार के दौरान सोना 0.4 फीसदी बढ़कर 1,769.74 डॉलर प्रति औंस पर रहा। चांदी भी 0.7 फीसदी की तेजी के साथ 34.22 डॉलर प्रति औंस के भाव पर दर्ज की गई। रेटिंग एजेंसी स्टैंडर्ड एंड पूअर्स (एसएंडपी) ने स्पेन की रेटिंग को ‘बीबीबी माइनस’ करके निवेशकों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। इस सप्ताह डॉलर को मजबूती मिलने से भी सोने के भाव दो फीसदी तक गिर गए हैं। हालांकि, कारोबारी शीघ्र ही सोने में तेजी आने की संभावना जता रहे हैं।
इधर, त्योहारी सीजन की मांग आने और रुपये की सेहत में आई गिरावट के बीच स्थानीय बाजार में सोना 50 रुपये तेज होकर 31,800 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। गिन्नी 25,450 रुपये प्रति पर बनी रही। चांदी भी 400 रुपये की बढ़त के साथ 61,400 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। चांदी सिक्कों के भाव में 1,000 रुपये प्रति सैकड़ा की तेजी आई। चांदी लिवाली 77,000 और बिकवाली 78,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर रहे।
कारोबारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन आने के बावजूद अधिकतर ग्राहकों को सोने के दामों में कमी आने का इंतजार है। अब भी सोने की छिटपुट खरीदारी ही हो रही है। लेकिन पितृ पक्ष समाप्त होने और नवरात्र शुरू होने के बाद हालात बदलने की उम्मीद है।