विदेशी बाजारों में मजबूती के चलते स्थानीय बाजार में सोमवार को सोना एक बार फिर 28 हजारी हो गया। घरेलू सराफा बाजार में सोने के भाव 240 रुपये की मजबूती लेकर 28,030 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गए।
सोने में लगातार छठे कारोबारी सत्र तेजी दर्ज की गई। वहीं, औद्योगिक एवं सिक्का निर्माताओं की तरफ से मांग आने से चांदी 500 रुपये उछलकर 43,000 रुपये प्रति किलो हो गई।
कारोबारियों का कहना है कि इराक संकट गहराने के चलते सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग बढ़ने से वैश्विक बाजार में भाव करीब तीन सप्ताह के टॉप पर पहुंच गए, जिसके चलते घरेलू बाजार में भी कीमतों में तेजी बनी हुई है। इसके अलावा सोने के आयात मूल्य में बढ़ोतरी का भी असर सराफा कीमतों पर हुआ है।
सिंगापुर में सोने के भाव 0.6 फीसदी ऊपर 1,283.96 डॉलर प्रति औंस हो गए, जो गत 27 मई के बाद का उच्चतम स्तर है। चांदी भी 1 फीसदी बढ़कर 19.88 डॉलर प्रति औंस पर दर्ज की गई।
घरेलू बाजार में सोने-चांदी में तेजी का असर सिक्कों के भाव पर भी हुआ। सोना सिक्के के भाव 100 रुपये बढ़कर 24,700 रुपये प्रति आठ ग्राम हो गए। वहीं, चांदी सिक्कों में भी 1,000 रुपये प्रति सैकड़ा की तेजी आई। चांदी सिक्का लिवाली के भाव 78,000 और बिकवाली 79,000 रुपये दर्ज किए गए।