ग्लोबल बाजार में सुस्ती और स्थानीय स्तर पर हाजिर मांग आने से घरेलू सराफा बाजार में सोने के भाव में तेजी का रुख रहा। हालांकि, ग्राहकी नहीं रहने के दबाव में चांदी में गिरावट दर्ज की गई। स्थानीय बाजार में सोना 175 रुपये बढ़कर 31,725 रुपये प्रति दस ग्राम हो गए। चांदी के भाव 350 रुपये गिरकर 60,200 रुपये प्रति किलो पर आ गए।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार दूसरे दिन कीमती धातुओं में गिरावट का रुख रहा। लंदन में कारोबार के दौरान सोना 0.5 फीसदी की गिरावट लेकर 1,732.59 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। चांदी भी 1.4 फीसदी की गिरावट के साथ 32.32 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।
स्थानीय स्तर पर नवरात्र के कारण ग्राहकी आने से सोने की गिन्नी 25,450 रुपये प्रति के पुराने भाव पर ही बनी रही। चांदी सिक्कों के भाव 2,000 रुपये गिर गए। चांदी सिक्का 75,000 और बिकवाली 76,000 रुपये प्रति सैकड़ा रहे।