पितृपक्ष के चलते स्थानीय स्तर पर मांग घटने के बावजूद विदेशों में तेजी को देखते हुए दिल्ली सराफा बाजार में सोना 250 रुपये बढ़कर 31,750 रुपये प्रति दस ग्राम के भाव पर रहा। चांदी 1,565 रुपये के उछाल के साथ 62,565 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। लंदन में सोने के भाव 1,770.31 डॉलर प्रति औंस बोले गए। हालांकि चांदी के भाव मामूली गिरावट के साथ 34.30 डॉलर प्रति औंस पर रहे।
कारोबारियों का कहना है कि देश में सोने की मांग लगातार घट रही है, जबकि इसके दाम रुपये के संदर्भ में रिकॉर्ड स्तर बने हुए है। इसका असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में दिखाई दे रहा है। हालांकि यूरोप के वित्तीय संकट से सोने को बल मिल रहा है। स्थानीय सराफा बाजार में कीमती धातुओं के लिवाल घट रहे हैं। पितृपक्ष के कारण भी मांग ढीली है। हालांकि सौदे हो रहे हैं।
कारोबार के दौरान सोने के भाव 31,500 रुपये से 250 रुपये चढ़कर 31,750 रुपये प्रति दस ग्राम दर्ज किए गए। चांदी के भाव भी 61,000 रुपये से 1,565 रुपये बढ़कर 62,565 रुपये प्रति किलो हो गए। चांदी का वायदा 62,765 रुपये प्रति किलो पर रहा। कारोबार के दौरान सिक्का लिवाली और बिकवाली में कोई बदलाव नहीं हुआ और भाव 77,000-78,000 रुपये प्रति सैंकड़ा पर पडे़ रहे।
गिन्नी के भाव भी 25,400 रुपये पर स्थिर रहे। कारोबारियों का कहना है कि बाजार में हाजिर ग्राहकी का अभाव है। हालांकि नए सौदे के किए जा रहे हैं। सोने की अपेक्षा चांदी की मांग ज्यादा है। इससे सफेद धातु के दाम ऊंचे हैं। लोग पुराना सोना भी बाजार में ला रहे हैं।