विदेशी बाजारों में तेजी के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर त्योहारी मांग आने से घरेलू सराफा बाजार में सोने-चांदी की चमक लौटी। स्थानीय बाजार में सोना 215 रुपये चढ़कर 31,475 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। चांदी के भाव 370 रुपये की उछाल के साथ 60,300 रुपये प्रति किलो हो गए।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डॉलर के मुकाबले यूरो को मिली मजबूती से निवेशकों ने सोने का रुख करना शुरू कर दिया है। रेटिंग एजेंसी मूडीज ने स्पेन के निवेशक रेटिंग को संतोषजनक बताकर सोने में निवेश को और प्रोत्साहन दिया है। लंदन में कारोबार के दौरान सोना लगातार दूसरे दिवस बढ़ते हुए 0.3 फीसदी की तेजी के साथ 1,752.49 डॉलर प्रति औंस के भाव पर रहा। चांदी भी 0.17 फीसदी बढ़कर 33.30 डॉलर प्रति औंस पर रही।
विश्लेषकों का कहना है कि निवेशकों के हतोत्साहित होने से सोने पर दबाव बना, लेकिन गिरावट में लिवाली होने से तेजी लौटी है। विदेशी बाजारों में आई तेजी और नवरात्र की शुरुआत के साथ स्थानीय स्तर पर ग्राहकी आने से सोने को बल मिला और यह 215 रुपये चढ़कर 31,475 रुपये प्रति दस ग्राम पर पर पहुंच गया।
चांदी की चमक भी 370 रुपये उछलकर चांदी 60,300 रुपये प्रति किलो के भाव पर दर्ज की गई। चांदी के भाव चढ़ने से सिक्कों में 1,000 रुपये प्रति सैकड़ा की तेजी आई। चांदी सिक्का लिवाली 76,000 और बिकवाली 77,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर रहे।
कारोबारियों का कहना है कि नवरात्र शुरू होने और हाल के दिनों में कीमतों में आई गिरावट के चलते मांग आने की संभावना बन रही है। हालांकि ग्लोबल स्तर पर हो रहे उतार चढ़ाव का असर दिख सकता है। लेकिन त्योहारी सीजन होने से मांग आने की उम्मीद है।