बराक ओबामा के दोबारा अमेरिका के राष्ट्रपति चुने जाने से उत्साहित निवेशकों की लिवाली के बल पर विदेशी बाजारों में सोने में आई तेजी और घरेलू स्तर पर त्योहारी मांग आने से घरेलू सराफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में उछाल आया। स्थानीय बाजार में सोना 350 रुपये बढ़कर 31,700 रुपये प्रति दस ग्राम हो गया। चांदी 1,500 रुपये उछलकर 60,500 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।
ओबामा की जीत की खबरें आने के बाद एशियाई बाजारों में सोना 1,729.18 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। अमेरिकी सोना वायदा बढ़कर 1,729 डॉलर प्रति औंस हो गया। चांदी भी 0.40 फीसदी उछलकर 32.35 डॉलर प्रति औंस पर बोली गई।
डीलरों का कहना है कि ओबामा की जीत की खबर से सोने की चमक और निखर गई है। उनकी जीत से दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था को राहत पैकेज मिलने की संभावना प्रबल हुई है, जिससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था में तेजी आने की संभावना दिख रही है।