ग्लोबल स्तर पर स्थिरता रहने के बीच घरेलू सराफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में तेजी आई। स्थानीय बाजार में सोना 160 रुपये चढ़कर 32 हजार के पार 32,110 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। चांदी 300 रुपये की चमक के साथ 60,700 रुपये प्रति किलो बोली गई।
लंदन से मिली जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय कारोबार में सोने में लगभग स्थिरता रही। सोना 0.1 फीसदी बढ़कर 1,767.89 डॉलर प्रति औंस पर रहा। सत्र के दौरान चांदी 0.3 प्रतिशत बढ़कर 34.03 डॉलर प्रति औंस रही। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार केंद्रीय बैंकों ने जुलाई में जमकर सोने की खरीद की है।
आईएमएफ के इस आंकडे़ के आने के बाद सोने में तेजी आने के संकेत मिले हैं। पिछले कुछ दिनों से सोने पर दबाव बन रहा था, लेकिन आज वह इससे मुक्त दिखा। स्थानीय स्तर पर ऊंची कीमत की वजह से ग्राहकी गायब है, लेकिन विदेशी बाजारों के रुख से तालमेल से कीमतों में तेजी आई है। सोना फिर 32 हजारी हो गया है। सोना 160 रुपये की बढ़त लेकर 32,110 रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। गिन्नी 50 रुपये चढ़कर 25,450 रुपये प्रति रही।
चांदी 300 रुपये उछलकर 60,700 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई। चांदी सिक्का में 1,000 रुपये की तेजी आई। सिक्का लिवाली 76,000 और बिकवाली 77,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर रहे। कारोबारियों का कहना है कि स्थानीय बाजार में ग्राहकी नहीं है। ग्राहक अदला बदली पर जोर दे रहे हैं। थोक व्यापारी बाजार से दूर बने हुए हैं। खुदरा कारोबारी की बाजार में आने से कतरा रहे हैं। सभी को कीमतों में करेक्शन का इंतजार है।