फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सस्ते कर्ज व कीमतों को अफोर्डेबल बनाने पर जोर

Tue, 22 Jan 2013 10:31 PM IST
नई दिल्ली/कारोबार डेस्क
विज्ञापन
विज्ञापन
घरों के लिए सस्ता कर्ज मुहैया कराने के साथ-साथ कर्ज पर जोखिम कम करने के लिए नेशनल हाउसिंग बैंक (एनएचबी) कई अहम कदम उठा रहा है। हाल ही में बैंक ने पीएलआर में कमी करने, मार्गेज गारंटी कंपनी को जल्द शुरू करने के कदम उठाए हैं। इन कदमों से आम ग्राहक और इंडस्ट्री पर किस तरह का असर होगा, इस संबंध में अमर उजाला के प्रशांत श्रीवास्तव ने नेशनल हाउसिंग बैंक के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक आरवी वर्मा से विस्तार से चर्चा की। पेश है बातचीत के प्रमुख अंश...
विज्ञापन


एनएचबी के जरिए देशभर में अधूरे पड़े हाउसिंग प्रोजेक्ट को फिर से शुरू करने की कवायद वित्त मंत्रालय ने शुरू की है। यह प्रक्रिया किस तरह पूरी होगी?
देशभर में अटके हाउसिंग प्रोजेक्ट्स की सूची कर्ज देने वाले संस्थानों से मांगी गई है। इस प्रक्रिया के जरिए मुख्य रूप से ऐसे प्रोजेक्ट्स की पहचान की जाएगी, जो व्यवहारिक हैं और उन्हें दोबारा शुरू किया जा सकता है। वित्तीय संस्थानों ने इसके लिए सूची भेजनी शुरू कर दी है।

यदि अधूरे प्रोजेक्ट्स दोबारा शुरू होते हैं, तो क्या कीमतों में कमी आएगी। साथ ही जोखिम कम करने के लिए क्या कदम होंगे?
इस कवायद का मुख्य उद्देश्य यह है कि प्रोजेक्ट्स दोबारा शुरू करने और मांग बढ़ाने के लिए बिल्डर्स कीमतों में कमी लाएं। कीमतों में कमी आने से मांग बढ़ने के साथ फंसी पूंजी भी निकलेगी। ऐसे में इस कवायद से ग्राहकों के साथ-साथ रीयल एस्टेट इंडस्ट्री और वित्तीय संस्थानों को भी फायदा होगा।
विज्ञापन


एनएचबी ने मार्गेज गारंटी कंपनी के लिए संयुक्त उपक्रम लगाने का समझौता किया था, वह कब तक मूर्त रूप ले लेगा और उसके क्या फायदे होंगे?
मार्गेज गारंटी कंपनी के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक, आईएफसी, जेनवर्थ और एनएचबी ने मिलकर समझौता किया है। इसके लिए जल्द ही आरबीआई से सर्टिफिकेट ऑफ रजिस्ट्रेशन मिलने की उम्मीद है। नई कंपनी के जरिए हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों को उनके द्वारा दिए गए कर्ज पर कंपनी गारंटी देगी। जिसका फायदा कंपनियों के साथ ग्राहकों को ज्यादा और आसानी से मिलने वाले कर्ज के रूप में होगा।

मार्गेज गारंटी कंपनी के जरिए किस तरह के उत्पाद आएंगे, जिससे कर्ज मिलना कम जोखिम भरा होगा?
हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों को कर्ज पर गारंटी से वह सभी तबके तक कर्ज देने के लिए प्रोत्साहित होंगी। मार्गेज कंपनी के उत्पाद विभिन्न विशेषताओं के साथ होंगे। इसके लिए यूएसए की कंपनी जेनवर्थ फाइनेंशियल के साथ समझौता किया गया है। मार्गेज कंपनी की आय का प्रमुख स्रोत गारंटी शुल्क होगा। प्रोजेक्ट डिजाइन में, कर्ज देने वाले संस्थान, कर्ज लेने वाले तबके की प्रोफाइल आदि का गारंटी कवर तय करते वक्त अहम हिस्सा होगा।

सितंबर-अक्तूबर मे कई बैंकों ने कर्ज सस्ता किया है। एनएचबी ने भी पीएलआर घटाया। इसके बावजूद कम ही हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों ने कर्ज सस्ता किया है, एनएचबी इसे किस तरह से देख रहा है?
एनएचबी द्वारा पीएलआर में कमी करने के बाद कई हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों ने ब्याज दरों में कमी की है। पीएलआर में कमी करने जैसे कदम उठाकर हम पहल करते हैं। हालांकि, ब्याज दरों में कमी करने में लागत आदि की भी अहम भूमिका होती है।

कम आय वर्ग के लोगों के लिए एनएचबी नई स्कीम शुरू करने जा रहा है, उसके बारे में बताएं?
दो लाख रुपये तक की सालाना आय वाले लोगों के लिए एनएचबी ने स्कीम शुरू की है, जो कि हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों और बैंकों व सहकारी बैंकों के जरिए ग्राहकों को मिलेगी। जिसके तहत 10 लाख रुपये तक के कर्ज पर मौजूदा पीएलआर के आधार पर 11 फीसदी और 11.25 फीसदी पर ग्राहकों को कर्ज मिलेगा। एनएचबी इसके लिए वित्तीय संस्थानों को 15 साल के लिए फिक्सड रेट पर कर्ज दे रहा है। ऐसे में हम वित्तीय संस्थानों को भी ग्राहकों को फिक्स्ड रेट पर कर्ज देने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।

कम आय वर्ग के लिए क्रेडिट गारंटी फंड ट्रस्ट की शुरुआत की गई है, अभी तक कितने वित्तीय संस्थान जुड़ चुके हैं?
गारंटी ट्रस्ट के जरिए होम लोन पर वित्तीय संस्थानों को दो लाख रुपये तक के कर्ज पर 90 फीसदी और दो लाख से ज्यादा और पांच लाख रुपये तक के कर्ज पर 85 फीसदी तक की गारंटी मिलेगी। अभी एसबीआई, पीएनबी बैंक सहित एचडीएफसी इसके साथ जुड़ चुके हैं।

एनएचबी ईसीबी के जरिए कितनी पूंजी जुटाने की तैयारी कर रहा है। साथ ही हाउसिंग बैंक कब टैक्स फ्री बांड ला रहा है?
हमने विदेशी वाणिज्यिक उधारी (ईसीबी) के जरिए 20 करोड़ डॉलर की पूंजी जुटाने का फैसला किया है। भारतीय रिजर्व बैंक की अनुमति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जहां तक टैक्स फ्री बांड की बात है, तो हाउसिंग बैंक फरवरी में 3,500 करोड़ रुपये का इश्यू लाने की तैयारी कर रहा है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें