बाजार को फ्लैश क्रैश से बचाने के लिए सेबी जल्द ही नए दिशा-निर्देश जारी करने वाला है। सेबी के चेयरमैन यूके सिन्हा ने कहा है कि निवेशकों के हित में वह कुछ ही दिनों में ऐसे मानक तय करने वाला है, जिससे कि अक्तूबर में एनएसई में हुए फ्लैश क्रैश जैसी घटनाएं दोबारा न होने पाएं।
सिन्हा ने बताया कि दिशा-निर्देशों का अंतिम प्रारूप स्वीकार कर लिया गया है, और जल्द इसे जारी कर दिया जाएगा। गौरलतब है कि 5 अक्तूबर को तकनीकी खामियों के चलते बाजार में 900 अंकों के एकाएक उछाल के बाद सेबी का सिस्टम क्रैश गया था।
इसके चलते करीब 15 मिनट तक शेयरों की ट्रेडिंग बंद रही थी और निवेशकों का खरबों रुपये का निवेश इसकी चपेट में आया था। इसके बाद सेबी ने इस मामले की जांच का आदेश दिया था। हालांकि एनएसई ने अपने सिस्टम में किसी तरह की खराबी से उस वक्त इनकार किया था।