फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आईकिया को मिली एफआईपीबी की मंजूरी

Mon, 21 Jan 2013 10:17 PM IST
नई दिल्ली/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
सिंगल ब्रांड रिटेल में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के सबसे चर्चित प्रस्ताव को आखिरकार मंजूरी मिल गई है। स्वीडिश फर्नीचर स्टोर आईकिया के 10,500 करोड़ रुपये के एफडीआई प्रस्ताव को विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड (एफआईपीबी) ने अनुमति दे दी है। आईकिया को एफआईपीबी ने रिटेल स्टोर के साथ कैफेटेरिया के ग्लोबल मॉडल की इजाजत दी है। कंपनी की योजना भारत में कुल 25 स्टोर खोलने की है जिसमें से 10 स्टोर अगले दस साल में खोले जाएंगे।
विज्ञापन


आईकिया का यह प्रस्ताव अब अंतिम मंजूरी के लिए आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) के पास जाएगा। सरकार ने जिस तरीके से आईकिया की मांगों को स्वीकार किया है, उसे देखते हुए माना जा रहा है कि जल्द ही इसे सीसीईए की हरी झंडी भी मिलनी तय है। गत 20 नवंबर को  एफआईपीबी ने सिंगल ब्रांड रिटेल के इस प्रस्ताव में से सिर्फ 4,200 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को ही मंजूरी दी थी, जिसके बाद कंपनी ने अपने ग्लोबल मॉडल को भारत में कायम रखने की अनुमति मांगते हुए संशोधित प्रस्ताव भेजा था।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा का कहना है कि एफआईपीबी की ओर से आईकिया के निवेश प्रस्ताव को मंजूरी मिलना एक सकारात्मक कदम है। रोजगार पैदा करने वाले क्षेत्रों में एफडीआई को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। शर्मा का कहना है कि दुनिया भर में आईकिया का एक बिजनेस मॉडल है जो छोटे व मझोले उद्यमों और घरेलू उद्योगों को साथ लेकर काम करता है।
विज्ञापन


उल्लेखनीय है कि एफडीआई के जरिए खुलने वाले सिंगल ब्रांड रिटेल स्टोर में छोटे व मझोले कारोबारियों से खरीद को लेकर विवाद रहा है। इसकी शर्तों में छूट देते हुए सरकार ने 30 फीसदी खरीदारी छोटे व मझोले उद्यमियों से करने की अनिवार्यता समाप्त कर दिया था। इस अनिवार्यता के बजाय 30 फीसदी खरीदारी में छोटे व मझोले उद्योगों को तरजीह देने का नियम बनाया गया।

गत 20 नवंबर को एफआईपीबी ने कई शर्तों के साथ आईकिया के सिंगल ब्रांड रिटेल स्टोर खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इसके तहत कंपनी को सिर्फ अपने ब्रांड के उत्पाद बेचने की अनुमति दी गई है जबकि अन्य ब्रांड के टेक्सटाइल, इलेक्ट्रॉनिक, लेदर और फूड प्रोडक्ट बेचने पर पाबंदी है। इससे कंपनी के स्टोर में कैफे खोलने का रास्ता भी बंद हो गया है। विश्व के सबसे बड़ी फर्नीचर रिटेलर आईकिया के 44 देश में करीब 336 स्टोर है जो अपने विशाल आकार, खास कॉन्सेप्ट और कैफे के कारण ही जाने जाते हैं।

औद्योगिक नीति एवं संवर्धन विभाग (डीआईपीपी) के अधिकारियों का मानना है कि आईकिया के मूल प्रस्ताव में कई खामियां थीं। कंपनी ने बेवजह स्टोर में बिकने वाले उत्पादों को बहुत ज्यादा श्रेणियों में बांटकर पेश किया। इसी वजह से उसके मूल प्रस्ताव को मंजूरी मिलने में दिक्कतें आ रही थीं। आईकिया ने जो नया प्रस्ताव भेजा है उसमें उत्पादों की श्रेणियों को बहुत सीमित कर दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें