फिएट इंडिया ने स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) के बाजार में कदम रखते हुए अपने कॉम्पैक्ट एसयूवी मॉडल एवेंच्युरा को लांच कर दिया है। दिल्ली में इसकी एक्स शोरूम कीमतें 5.99 लाख रुपये से लेकर 8.17 लाख रुपये रखी गई हैं।
कंपनी ने चार मीटर से कम लंबाई वाले वाहनों के वर्ग में एवेंच्युरा का पेट्रोल और डीजल दोनों ही विकल्पों के साथ पेश किया है। पेट्रोल वेरिएंट में 1.4 लीटर का इंजन लगा है। दिल्ली में इनकी एक्स शोरूम कीमतें 5.99 लाख रुपये से 7.05 लाख रुपये हैं। डीजल वेरिएंट की कीमतें 6.89 लाख से 8.17 लाख रुपये तक हैं।
कंपनी के भारतीय कारोबार के प्रेसिडेंट व एमडी नागेश बसवनहल्ली ने बताया कि इस कॉम्पैक्ट एसयूवी को कंपनी ने स्थानीय जरूरतों और परिस्थितियों के मुताबिक खासतौर पर भारत में ही विकसित कर बाजार में पेश किया है। उन्होंने कहा कि एवेंच्युरा को ग्राहकों की तरफ से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। हम अब तक इसके लिए 500 वाहनों की प्री बुकिंग कर चुके हैं और 1,5000 से ज्यादा पूछताछ कंपनियों को इस गाड़ी के लिए मिली हैं।
एवेंच्युरा के बाद फिएट ग्रुप इस साल के अंत तक लग्जरी हैचबैक कार अबार्थ-500 को लांच करेगी। अगले पांच वर्ष में भारत में 12 नए मॉडल पेश करने की कंपनी की योजना है। कंपनी ने वर्ष 2018 तक भारत में अपनी उत्पादन क्षमता को सालाना 2.45 लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जोकि फिलहाल 1.35 लाख प्रति वर्ष है।