भारत में छोटे और मझले दर्जे (एसएमई) के करीब चार करोड़ कारोबारियों में से महज पांच लाख ही ग्राहकों तक अपनी पहुंच बढ़ाने और कारोबार के विस्तार के लिए इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहे हैं।
ऑनलाइन माध्यमों के सस्ता, सुलभ और कारगर होने के बावजूद एसएमई सेक्टर में अभी इससे दूरी बनाए हुए है। ऐसे में भारत में अभी एसएमई सेक्टर में इंटरनेट के विस्तार की प्रचुर संभावना मौजूद है। यह बात सर्च इंजन चलाने वाली दिग्गज कंपनी गूगल की एक रिपोर्ट में कही गई है।
गूगल के एशिया-प्रशांत क्षेत्र के प्रेसिडेंट करीम तेमस्मानी ने कहा कि एसएमई कारोबारी अगर कम लागत वाले ऑनलाइन माध्यम का इस्तेमाल ग्राहकों तक पहुंच बढ़ाने के लिए करने के प्रति जागरूक हो जाएं, तो पांच लाख के मौजूदा आंकड़े में कई गुना बढ़ोतरी हो सकती है।
उन्होंने कहा कि इंटरनेट ग्राहकों तक पहुंचने का न सिर्फ काफी सस्ता माध्यम है, बल्कि यह कारोबारियों को सीधे अपने लक्षित ग्राहक वर्ग तक पहुंच बनाने का विकल्प भी देता है। इसे देखते हुए गूगल ने भारत में करीब दो लाख कारोबारियों को अपने ऑनलाइन विज्ञापन माध्यम एडवर्ड्स के जरिये अपनी पहुंच बढ़ाने में मदद की है।
उन्होंने कहा कि पश्चिमी देशों में ज्यादातर कारोबार बड़ी कंपनियों के हाथ में है। इसके विपरीत भारत, चीन इंडोनेशिया, मलेशिया जैसे उभरते हुए बाजारों में छोटी और मझोली कंपनियों की भूमिका ज्यादा अहम है।
ऐसे में सस्ते ऑनलाइन प्रचार माध्यम का इस्तेमाल से इस क्षेत्र के कारोबारी परिदृश्य में काफी बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।