देश की कुल आबादी का हरेक दसवां व्यक्ति इंटरनेट का इस्तेमाल करता है और इसमें महिलाओं की हिस्सेदारी तेजी से बढ़ रहा है। इंटरनेट के इस्तेमाल में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़कर 40 फीसदी तक पहुंच गई है।
उद्योग एवं वाणिज्य संगठन एसोचैम और कॉमस्कोर के एक संयुक्त अध्ययन के मुताबिक भारत में इंटरनेट का इस्तेमाल करने वाले लोगों की तादाद करीब 12.5 करोड़ हो चुकी है। इस तरह 120 करोड़ से अधिक आबादी वाले भारत का हरेक दसवां व्यक्ति इंटरनेट की दुनिया से जुड़ चुका है। इसमें भी गौर करने वाली बात यह है कि महिलाओं की संख्या भी इंटरनेट उपभोक्ताओं की 40 फीसदी तक पहुंच गई है।
रिपोर्ट के नतीजे बताते हैं कि कुल इंटरनेट उपभोक्ताओं में युवाओं की संख्या तीन-चौथाई तक पहुंच गई है। 15 से 34 वर्ष की उम्र के इंटरनेट उपभोक्ताओं का हिस्सा करीब 75 फीसदी है। शिक्षा और जागरूकता बढ़ने से आने वाले वर्षों में युवाओं की हिस्सेदारी और बढ़ने की संभावना है।
इस युवा वर्ग में भी 15 से 24 वर्ष की उम्र के किशोरों और नवयुवकों की भागीदारी सबसे ज्यादा और निर्णायक है। कालेज जाने वाले युवाओं के बीच सोशल नेटवर्किंग साइट्स का बढ़ता क्रेज और नई-नई जानकारियों के लिए इंटरनेट पर बढ़ती निर्भरता के चलते ऑनलाइन उपभोक्ताओं में उनकी तादाद सबसे ज्यादा दर्ज की गई है।
इंटरनेट उपभोक्ताओं की वृद्धि के मामले में भारत ब्रिक देशों के समूह में सबसे आगे है। ग्लोबल स्तर पर भी भारत इंटरनेट उपभोग के मामले में तेजी से बढ़ते तीन अग्रणी देशों की कतार में शामिल है। ब्राजील, रूस, भारत और चीन के समूह (ब्रिक) में भारत में इंटरनेट उपभोग सालाना 41 फीसदी की तीव्र वृद्धि दर हासिल कर रहा है। साल भर में देश में इंटरनेट के 1.8 करोड़ नए उपभोक्ता जुडे़ हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक चीन में पिछले एक साल में 1.4 करोड़ नए इंटरनेट उपभोक्ता जुडे़ हैं और इस तरह वहां इन उपभोक्ताओं की संख्या बढ़कर 33.6 करोड़ हो गई है। गत एक वर्षों में ऑनलाइन शापिंग का बाजार 43 फीसदी की तेजी दर्ज करने में सफल रहा है। लोग विभिन्न कंपनियों के उत्पादों की तुलना करने के लिए भी इंटरनेट का खूब इस्तेमाल कर रहे हैं।