देशभर में पैकेजिंग के नाम पर लोगों को ठगा जा रहा है। दिवाली के त्योहारी मौके पर ऐसा नजारा देखना आम हो गया है।
कई नामी गिरामी कंपनियों पैकेजिंग के नाम पर देशभर में सस्ते ड्राई फ्रूट को महंगा कर ग्राहकों को बेच रहे हैं। बाजार में पैकेजिंग के जरिए 2.50 किलोग्राम तक ड्राई फ्रूट के पैक को 2,800 रुपए में बेचा जा रहा है। वहीं खुले में इन्ही ड्राई फ्रूट पैक की कीमत 1,500 रुपए से अधिक नहीं है।
बाजार में एक किलो ड्राई फ्रूट के नामी ब्रांड 1,250-1300 रुपए ग्राहकों से वसूल कर रहे हैं। कई कंपनियों के स्टोर पर ऐसे पैकेजिंग पैक की भरमार है। मजे की बात है कि ग्राहकों को छला जा रहा है मगर वे इस पर अपनी आपत्ति भी दर्ज नहीं करा रहे हैं।
इस वर्ष ड्राई फ्रूट की कीमतों में 15-25 फीसदी तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। पिछले एक सप्ताह के दौरान खारी बावली में ग्राहकों को अच्छी खासी भीड़ उमड़ी है। खारी बावली में लाहौर ड्राई फ्रूट के प्रोपराइटर राकेश चावला ने बताया कि आज बाजार में ग्राहकों की अच्छी भीड़ देखने को मिल रही है।
ग्राहकों का रुझान भी मिठाई से हटकर ड्राईफ्रूट की तरफ हुआ है। खारी बावली थोक बाजार में अमेरिकन बादाम का भाव 460-500 रुपए प्रति किलो के स्तर पर है जो पिछले साल दीवाली पर 400-425 रुपए प्रति किलो के भाव पर बिका था।
काजू का भाव भी इस साल 850 रुपए प्रति किलो के स्तर पर चल रहा है। पिस्ता के भाव में भी 150 रुपये प्रति किलो की तेजी आ गई है। दिल्ली ड्राई फ्रूट बाजार में ईरानी पिस्ता का भाव पिछले साल के 600 रुपए के स्तर पर बढ़कर 750 रुपए प्रति किलो हो गया है।
अमेरिकी पिस्ता 500 रुपए से बढ़कर 650 रुपए प्रति किलो में बिक्री की जा रही है। किशमिश का भाव पिछले एक महीने में 220-250 रुपए से बढ़कर 200-325 रुपए प्रति किलो हो गया है।
खारी बावली थोक बाजार में ड्राई फ्रूट्स के थोक कारोबारी रमेश शर्मा ने बताया कि पिछले दो सालों से लगातार ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में तेजी दर्ज की जा रही है। अभी बाजार में ड्राई फ्रूट की मांग अच्छी आ रही है। उम्मीद है कि आगे के दिनों भी मांग अच्छी रहेगी क्योंकि सर्दियों में अक्सर मांग बढ़ जाती है।