तेल नियामक हाइड्रोकार्बन महानिदेशालय (डीजीएच) ने रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड पर केजी बेसिन से तय लक्ष्य से कम गैस उत्पादन करने के आरोप में 78.1 करोड़ डॉलर का अतिरिक्त जुर्माना लगाने की सिफारिश की है। इस तरह, नियामक ने रिलायंस इंडस्ट्रीज पर कुल जुर्माना 1.78 अरब डॉलर का लगाया गया है।
डीजीएच ने पिछले महीने तेल मंत्रालय से सिफारिश की थी कि केजी बेसिन से प्रतिदिन केवल 2.60 करोड़ क्यूबिक घन मीटर गैस के उत्पादन के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज पर 78.1 करोड़ डॉलर का अतिरिक्त जुर्माना लगाया जाना चाहिए जबकि इस क्षेत्र से 2012-13 में प्रतिदिन 8.67 करोड़ क्यूबिक घन मीटर गैस के उत्पादन का लक्ष्य है।
एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि यह जुर्माना रिलायंस इंडस्ट्रीज पर पहले लगाए गए जुर्माने से अलग होगा। आरआईएल पर 2010-11 और 2011-12 में लक्ष्य से कम उत्पादन के लिए 1.005 अरब डॉलर का जुर्माना लगाया गया था।