इस बार दीवाली की खरीदारी में अभी तक ग्राहकों की पहली पसंद एलईडी, प्लाज्मा और थ्रीडी टीवी बने हुए हैं। ग्राहकों को जहां आसानी से फाइनेंस का विकल्प मिल रहा है, वहीं फ्लैट पैनल टीवी की खरीद पर कंपनियों की तरफ से अच्छे ऑफर भी मिल रहे हैं।
यही वजह है कि ग्राहक अपने मौजूदा टीवी को उससे महंगे टीवी में अपग्रेड कर रहे हैं। कंपनियों के अनुसार अभी तक त्योहारों पर हुई कुल बिक्री में फ्लैट पैनल टीवी की हिस्सेदारी 45-50 फीसदी तक पहुंच गई है, जो पिछले साल से करीब 15-20 फीसदी अधिक है।
कंपनियों के अनुसार त्योहारों में पिछले तीन-चार दिनों से बिक्री में काफी तेजी आई है और ग्राहकों की पहली पसंद फ्लैट पैनल टीवी है। जिस तरह से मांग आ रही है, उसे देखते हुए त्योहारों के खत्म होते तक कुल बिक्री में इसकी हिस्सेदारी 50 फीसदी को भी पार कर सकती है।
वीडियोकॉन इंडस्ट्रीज के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स डिवीजन) सीएम सिंह के अनुसार इस बार त्योहारों में हाई इंड (महंगे) टीवी का जोर है। अभी तक हुई कुल बिक्री में फ्लैट पैनल टीवी की हिस्सेदारी करीब 50 फीसदी पहुंच गई है। ग्राहकों को फाइनेंस स्कीम और दूसरे ऑफर लुभा रहे हैं, जिनका बिक्री में फायदा मिल रहा है।
हायर इंडिया की मार्केटिंग प्रमुख शांता राय संजीव के अनुसार अभी तक जो आंकड़े मिले हैं, उससे स्पष्ट है कि ग्राहकों की पहली पसंद फ्लैट पैनल टीवी है। कुल बिक्री में इसकी हिस्सेदारी 45 फीसदी या उससे ज्यादा पहुंच गई है। शांता के अनुसार फाइनेंस का बेहतर विकल्प होने से ग्राहक आसानी से इसकी खरीदारी कर रहे हैं, जिसका बिक्री में फायदा दिख रहा है।
कंपनियों ने भी त्योहारों को देखते हुए कई सारे विकल्प भी ग्राहकों के लिए उतार दिए हैं। इसके तहत छोटे पैनल के साथ-साथ बड़े पैनल तक के विकल्प ग्राहकों के सामने हैं। साथ ही उस पर बेहतर गिफ्ट भी हैं।
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड सेल्स प्रमुख संजीव अग्रवाल के अनुसार कंपनी त्योहारों में प्रमुख रूप से फ्लैट पैनल टीवी पर (एलसीडी, एलईडी, प्लाज्मा) जोर दे रही है। इसके लिए कंपनी 100 करोड़ रुपये के मार्केटिंग बजट का 30 फीसदी हिस्सा त्योहारों के दौरान खर्च कर रही है।
क्या मिल रहे हैं गिफ्ट
टैबलेट, डीवीडी प्लेयर, होम थिएटर, यूएसबी ड्राइव आदि