रीयल्टी में निवेश के लिए बेहतर शहरों में शामिल दिल्ली, आईटी सिटी बंगलूरू और वाणिज्यिक राजधानी मुंबई का रुतबा कमजोर हुआ है। निवेश के लिहाज से रीयल्टी के लिए उभरते सर्वाधिक मुफीद 22 शहरों की सूची में बंगलूरू, मुंबई और दिल्ली की स्थिति गिरकर क्रमश: 19वें, 20वें और 21वें पायदान पर आ गई है।
शहरी भूमि संस्थान (यूएलआई) और प्राइसवाटरहाउसकूपर्स (पीडब्लूसी) की रिपोर्ट ‘रीयल्टी में उभरे रुझान: एशिया प्रशांत 2013’ के मुताबिक बंगलूरू अब एक परिपक्व बाजार हो चुका है। यहां कीमतों में लगभग स्थिरता दिखाई दे रही है। आईटी उद्योग की विकास दर पर बंगलूरू के रीयल्टी का बाजार अधिक निर्भर है। हालांकि पूरी दुनिया में अस्थिरता के चलते आईटी इंडस्ट्री की विकास दर में सुस्ती आई है।
मुंबई में रीयल्टी में सभी वर्ग की संपत्तियों में मांग से अधिक उपलब्धता होने के कारण बाजार में ठहराव आ गया है। इसके चलते रीयल्टी में निवेश के प्रति लोगों का रुझान कम हुआ है। हालांकि दिल्ली, गुड़गांव और नोएडा के लिए संभावित मास्टर डेवलपमेंट प्लान को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर में निवेश की संभावनाओं को सकारात्मक रूप से दर्शाया गया है।