सिटी बैंक के सीईओ पद से भारतीय मूल के विक्रम पंडित द्वारा पिछले दिनों इस्तीफा दिए जाने से जुड़े विवाद में अमेरिकी मीडिया में छपी रिपोर्ट ने एक नया अध्याय जोड़ दिया है। न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी एक रिपोर्ट बताया है कि किस तरह महीनों तक चले दांव पेच के बाद सिटी बैंक के चेयरमैन मिशेल ओ नील ने पंडित को इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया। हालांकि उस समय बैंक के बोर्ड और पंडित दोनों ने ही इसे स्वेच्छा से लिया गया फैसला बताया था।
पंडित के इस्तीफे के बाद दुनिया भर के कॉरपोरेट जगत में यह सुगबुगाहट थी कि पंडित ने अपनी मर्जी से इस्तीफा दिया या उन्हें किसी दबाव के तहत यह कदम उठाना पड़ा। हालिया मीडिया रिपोर्ट में इस फैसले को पूरी तरह से पंडित की मर्जी के खिलाफ बताते हुए इस्तीफे से जुड़े घटनाक्रम को बताया गया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि बैंक के चेयरमैन मिशेल ओ नील ने 15 अक्तूबर को ही तीखी नोकझोंक के बाद विक्रम पंडित से कह दिया था कि बैंक के बोर्ड का भरोसा उनसे पूरी तरह उठ चुका है। इस घटना के बाद एक बैठक के दौरान विक्रम पंडित के सामने चुनने के लिए तीन प्रेस विज्ञप्तियां रखी गईं।
इनमें से एक विज्ञप्ति में कहा गया था कि पंडित तत्काल प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं, दूसरी विज्ञप्ति में लिखा गया था कि वह साल के अंत तक सीईओ पद से इस्तीफा दे देंगे, जबकि तीसरी विज्ञप्ति का मजमून यह था कि पंडित को बिना कारण बताए उनके पद से हटा दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक विक्रम पंडित ने इन तीनों विकल्पों में से तत्काल इस्तीफा देने का विकल्प चुना।