अपने चालू खाते घाटे से परेशान केंद्र सरकार ने एक मंत्री ने कहा है कि सोने के आयात में सख्ती बरती जानी चाहिए।
वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने सोना आयात पर सख्ती जारी करने की वकालत करते हुए कहा कि चालू वित्त वर्ष में चालू खाते का घाटा 50 अरब डॉलर से नीचे आ सकता है।
चिदंबरम ने एक साक्षात्कार में कहा कि मैं मेरे ख्याल से सोने के आयात पर कुछ सख्ती बनी रहनी चाहिए। हमें अपने देश में अधिक स्वर्ण भंडार का पता लगाने का प्रयास करना चाहिए।
चिदंबरम ने कहा कि तीन-चार महीने पहले उच्चतम न्यायालय ने सभी बंद खदानों को नीलाम करने का आदेश दिया था। इसके मद्देनजर खान मंत्रालय को सोने की कथित तौर पर बंद खदानों की नीलामी में तेजी लानी चाहिए क्योंकि दुनिया भर से कई लोगों ने उनसे मुलाकात कर सोने की खुदाई के लिए इन खदानों को लेने की इच्छा जताई है।
गौरतलब है कि वित्त मंत्री के इस बयान के उलट रिजर्व बैंक के गवर्नर रघुराम राजन और कुछ विशेषज्ञों ने देश में सोने की बढ़ती तस्करी के मद्देनजर इसके आयात पर की गई सख्ती को लचीला बनाने की वकालत की है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा भी इसमें कुछ नरमी के संकेत दे चुके हैं।