देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक ने कार लोन के लिए आय सीमा में 140 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी है।
अब बैंक से वही लोग कार लोन ले सकेंगे, जिनकी सालाना आय छह लाख रुपए या उससे अधिक है। अब तक सालाना आय की यह सीमा 2.50 लाख रुपए थी।
बैंक के इस कदम से पहली बार कार लेने वाला मध्य वर्ग का एक बड़ा तबका प्रभावित होगा। पहली बार कार खरीदने वाले ग्राहकों का एक बड़ा वर्ग ऑल्टो, सेंट्रो, इऑन, वैगन-आर जैसी कारें खरीदता है।
इसके अलावा कम आय वर्ग के लोग नैनो जैसी कम दाम वाली कार भी खरीद रहे हैं।
ऐसे ग्राहक अब कर्ज के लिए दूसरे बैंकों की ओर रुख करेंगे। आय की बढ़ी सीमा नए के साथ-साथ पुरानी कारों के लिए कार लोन पर भी लागू होगी।
एसबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने अमर उजाला को बताया कि बैंक ने यह फैसला महंगाई को देखते हुए किया है।
एसबीआई ने नई और पुरानी कारों के लिए लोन पर आय सीमा में की बढ़ोतरी की है।