रेल किराए में इजाफे के बाद अब सरकार ईंधनों के दाम बढ़ाकर आम आदमी की जेब पर गाज गिराने की तैयारी कर रही है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने सब्सिडी बोझ का हवाला देते हुए मूल्यवृद्धि का प्रस्ताव दिया है, जिस पर बृहस्पतिवार को होने वाली बैठक में मुहर लगने की संभावना है।
ऐसा हुआ तो रसोई गैस की कीमत कम से कम 100 रुपये प्रति सिलेंडर और डीजल चार रुपये प्रति लीटर तक महंगा हो सकता है। वहीं केरोसिन की कीमत में भी आंशिक बढ़ोतरी की संभावना है। हालांकि राहत भरी खबर यह भी है कि रियायती एलपीजी सिलेंडरों की संख्या छह से बढ़ाकर नौ करने पर भी कैबिनेट में विचार किया जा सकता है।
सूत्रों की माने तो पेट्रोलियम मंत्रालय रियायती सिलेंडरों की संख्या बढ़ाने पर सहमत है, लेकिन प्रस्ताव में यह भी उल्लेख किया गया है कि इससे सरकार या तेल कंपनियों पर अंडर रिकवरी का बोझ नहीं बढ़ना चाहिए। इसलिए रियायती सिलेंडरों के दाम सौ रुपये प्रति सिलेंडर तक बढ़ाए जा सकते हैं। हालांकि तेल कंपनियों की माने तो 100 रुपये प्रति सिलेंडर के हिसाब से दाम बढ़ाए जाने के बावजूद 400 रुपये प्रति सिलेंडर से ज्यादा का नुकसान सरकार को तब भी झेलना पड़ेगा। फिलहाल सरकार घरेलू रसोई गैस पर करीब 520 रुपये प्रति सिलेंडर का सब्सिडी भुगतान कर रही है।
वहीं डीजल के दाम में एकमुश्त इजाफा करने या कीमतों में मासिक स्तर पर आंशिक वृद्धि करने का विकल्प भी कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा। मंत्रालय ने अपने प्रस्ताव में विजय केलकर समिति की सिफारिशों पर निर्णय लेने का विकल्प भी पेश किया है। हालांकि पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से तैयार किए गए इस प्रस्ताव को बुधवार शाम तक कैबिनेट के एजेंडे में नहीं रखा गया था। मगर सरकार अंतिम क्षण में इस प्रस्ताव पर कैबिनेट में निर्णय ले सकती है।
1,60,000
करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है तेल कंपनियों को चालू वित्त वर्ष में बाजार मूल्य से कम कीमत पर ईंधन की बिक्री से
आफत:- पेट्रोलियम मंत्रालय ने एलपीजी सौ रुपये प्रति सिलेंडर और डीजल चार रुपये प्रति लीटर महंगा करने का मसौदा तैयार किया
राहत:- रियायती एलपीजी सिलेंडरों की संख्या छह से बढ़ाकर नौ करने पर भी कैबिनेट में विचार किया जा सकता है
प्रस्ताव:-
डीजल की कीमतों में एकमुश्त 4 रुपये प्रति लीटर या प्रति माह के हिसाब से वृद्धि की जाए
रियायती एलपीजी में 100 रुपये प्रति सिलेंडर की एकमुश्त या 50-50 रुपये के हिसाब से दो बार वृद्धि हो
केरोसिन के दाम वर्ष 2015 तक 35 पैसे प्रति माह या एक रुपये हर तिमाही के हिसाब से बढ़ेें
फिलहाल इतने नुकसान में तेल कंपनियां:-
डीजल : 10.16 प्रति लीटर
केरोसिन : 32.17 प्रति लीटर
एलपीजी : 490.50 प्रति सिलेंडर
अंतिम बढ़ोतरी:-
डीजल : 14 सितंबर, 2012 (5.63 रुपये बढ़े)
केरोसिन : जून 2011
एलपीजी : सितंबर 2012