उद्योग चैंबरों ने मंत्रिमंडल विस्तार का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे पता चलता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निर्णय लेने की प्रक्रिया में तेजी लाने के साथ सुधारों को आगे बढ़ाना चाहते हैं।
उद्योग चैंबर सीआईआई के प्रेसीडेंट अजय श्रीराम ने कहा कि नए मंत्रियों के मंत्रिमंडल में शामिल होने से शासन में सुधार के साथ आर्थिक सुधार प्रक्रिया के लिए नए विचार आएंगे।
उन्होंने कहा कि कई मंत्रालय एक मंत्री के आधीन थे और उद्योग जगत शुरूआत से ही मंत्रिमंडल के विस्तार की उम्मीद कर रहा था।
उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार ने मजबूत संकेत दिया है कि सरकार आर्थिक सुधारों की प्रकिया में तेजी लाने के लिए गंभीर है।
सीआईआई की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कुछ अहम मंत्रालयों में अब पूर्णकालिक मंत्री होंगे और इससे अर्थव्यवस्था के अहम सेक्टरों में निर्णय लेने की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
वहीं एसोचैम के प्रेसीडेंट राणा कपूर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया मंत्रिमंडल विस्तार निश्चित तौर पर उनकी सरकार में नए उत्साह का संचार करेगा।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा मंत्रिमंडल में कुछ साफ छवि और प्रभावी काम के लिए पहचान रखने वाले मंत्रियों के शामिल होने से यह संकेत भी गया है कि प्रधानमंत्री इन गुणों के लिहाज से कोई समझौता नहीं करते हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार से देश में नए और गतिशील काम काज को बढ़ावा मिलेगा और दुनिया भारत को बड़ी दिलचस्पी से देख रही है।