विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों और कई वर्गों में शेयरों की मजबूत लिवाली के चलते घरेलू शेयर बाजार मंगलवार को छलांग लगाकर ढाई साल (30 माह) की ऊंचाई पर जा पहुंचा।
विदेशी निवेशकों की ओर से की गई तगड़ी खरीदारी के चलते बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 143.01 अंक बढ़कर 20,302.13 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 46 अंक चढ़कर 6,077.80 अंक पर रहा। बाजार में तेजी के चलते निवेशकों की पूंजी में करीब 40 हजार करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। बड़ी कंपनियों की तुलना में मझोली कंपनियों में लिवाली सुस्त रही, जबकि छोटी कंपनियों में बिकवाली देखी गई।
बीएसई का मिडकैप 0.06 प्रतिशत बढ़कर 5,999.29 अंक पर रहा, जबकि स्मॉलकैप 0.10 प्रतिशत गिरकर 5,682.48 अंक पर रहा। बीएसई में कुल 2,472 कंपनियों में कारोबार हुआ, जिनमें से 1,149 बढ़त में और 1,150 गिरावट में रहे, जबकि 173 में कोई बदलाव नहीं हुआ।
सेंसेक्स में बढ़त में रहने वाले शेयरों में हिन्दुस्तान यूनिलीवर 3.19 फीसदी, भेल 2.23, महिंद्रा 2.11, स्टेट बैंक 2.03, स्टरलाइट 1.87, आईटीसी 1.84, डा रेड्डी 1.79, आईसीआईसीआई बैंक 1.54, ओएनजीसी 1.46, टाटा पावर 0.91, इनफोसिस 0.88, हिंडाल्को 0.86, गेल 0.45, टाटा मोटर्स 0.44 और रिलायंस इंडस्ट्रीज 0.07 फीसदी के साथ शामिल रहे।
गिरावट वाले शेयरों में विप्रो 2.23 फीसदी, एयरटेल 1.79, कोल इंडिया 0.58, सिप्ला 0.56 , जिंदल स्टील 0.47 , बजाज ऑटो 0.39, हीरो मोटोकॉर्प 0.27, सनफार्मा 0.26 और एचडीएफसी 0.24 फीसदी के साथ शामिल रहे।