एक तरफ कारों की बिक्री बढ़ाने के लिए कंपनियां जहां ऑफरों की झड़ी लगा रही हैं, वहीं दोपहिया वाहनों की बिक्री करने वाली कंपनियां मांग में तेजी को देखते हुए त्योहारों में भी ज्यादा ऑफर देने के मूड में नहीं है।
सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्चर्स के आंकड़ों के अनुसार सितंबर के महीने में जहां कारों की बिक्री 0.7 फीसदी की दर से बढ़ी है। वहीं मोटरसाइकिल की बिक्री 17.4 फीसदी की दर से बढ़ी है। इस मांग को देखते हुए कंपनियां त्योहारों में प्रमुख रूप से फाइनेंस के ही आसान विकल्प ग्राहकों को दे रही हैं।
देश की प्रमुख दुपहिया वाहन निर्माता कंपनी हीरो मोटोकार्प ने इस समय ग्राहकों को लुभाने के लिए 5,555 रुपये डाउनपेमेंट की स्कीम इंडसइंड बैंक के साथ मिलकर लांच की है। कंपनी के डीलर के अनुसार ग्राहक इस स्कीम के जरिए कम डाउनपेमेंट देकर गाड़ी ले सकते हैं। इसके अलावा, कंपनी मोटरसाइकिल पर पांच साल या फिर 70 हजार किलोमीटर तक वारंटी और स्कूटर पर 50 हजार किलोमीटर तक की वारंटी दे रही है।
इस तरह बजाज ऑटो अपनी पल्सर बाइक के 200 एनएस और 220 सीसी के मॉडल के लिए ग्राहकों को 18,751 रुपये के डाउनपेमेंट का विकल्प दे रही है। कंपनी के डीलर के अनुसार इस स्कीम के तहत 9.70 फीसदी के ब्याज का शर्तों के साथ विकल्प भी ग्राहकों के लिए मौजूद है।
यामाहा एफजेड-एस और रे-जेड बाइक पर कम ब्याज दर या कम डाउनपेमेंट का विकल्प दे रही है। कंपनी एफडेड-एस मॉडल पर 13,333 रुपये का डाउनपेमेंट विकल्प दे रही है। हालांकि इसके लिए ग्राहकों को 13.5 फीसदी का ब्याज चुकाना होगा। वहीं अगर ग्राहक सस्ते ब्याज पर बाइक लेना चाहते हैं, तो उनके पास 6.99 फीसदी के ब्याज दर का विकल्प है । लेकिन उसमें कम डाउनपेमेंट वाली स्कीम का विकल्प नहीं है।
कंपनी के डीलर के अनुसार कम डाउनपेमेंट स्कीम में गाड़ी के एक्सशोरूम कीमत के आधार पर डाउनपेमेंट तय किया गया है। इसी तरह रे-जेड मॉडल पर 4,999 रुपये या 6.99 फीसदी ब्याज का विकल्प है। कंपनी हालांकि बजाज ऑटो फाइनेंस के जरिए कर्ज लिए हुए मौजूदा ग्राहकों से जीरो प्रोसेसिंग फीस ले रही है।