कमजोर ग्लोबल रुझानों के बीच स्थानीय मांग सुस्त रहने से घरेलू सराफा बाजार में सोने के भाव में लगातार तीसरे दिन गिरावट आई। सराफा बाजार में सोना 340 रुपये की बड़ी गिरावट के साथ 31,340 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया। वहीं, मांग घटने से चांदी भी 435 रुपये लुढ़ककर 61,000 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर में आई मजबूती के चलते कीमती धातुओं की मांग सुस्त रही। इसके चलते सोने के भाव में नरमी का रुख रहा। सिंगापुर में सोने के भाव 0.4 फीसदी गिरकर 1,687.15 डॉलर प्रति औंस पर दर्ज किए गए। चांदी भी 0.15 फीसदी घटकर 32.79 डॉलर प्रति औंस रही। कमोडिटी बाजार के विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिका में बजट के दौरान वित्तीय सख्ती के प्रावधान की चर्चाओं के चलते दोनों कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है।
इधर, स्थानीय सराफा बाजार में बिक्री पर दबाव रहने से 99.9 और 99.5 फीसदी शुद्धता वाले सोना दोनों में 340 रुपये की गिरावट आई। इनके भाव क्रमश: 31,340 रुपये और 31,140 रुपये प्रति दस ग्राम रहे। पिछले दो कारोबारी सत्र में सोने के भाव में 320 रुपये प्रति दस ग्राम की गिरावट आई।