भारती एयरटेल के नेटवर्क एक्सीपीरियंस सेंटर शुरू होते ही टेलीकॉम इंडस्ट्री में नए बदलाव की उम्मीद बढ़ गई है। अल्ट्रा मॉडर्न टेक्नालजी से युक्त इस सेंटर से भारत सहित दक्षिण एशिया के सभी मोबाइल, ब्राडबैंड, डीटीएच, सहित अन्य सेवाओं को निगरानी की जा सकेगी। प्राकृतिक आपदा के समय इस सेंटर का उपयोग कंट्रोल रूम के तौर पर भी किया जा सकेगा।
एयरटेल ने मानेसर के सेक्टर-8 में सेंटर का उद्घाटन करते हुए केंद्रीय सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री कपिल सिब्बल ने कहा कि आने वाले समय में संचार के क्षेत्र में बड़ी चुनौतियां होंगी। टेलीकॉम क्षेत्र की कंपनियों को 3जी के बाद 4जी व 5जी के लिए काम शुरू करना होगा। देश में सूचना क्रांति का लगातार विस्तार होगा। इसके लिए टेलीकॉम कंपनियों को चुनौतियों को स्वीकार करना होगा।
इस सेंटर के जरिए कंपनी से जुड़े करीब 20 करोड़ ग्राहकों पर एक साथ निगरानी रखी जा सकेगी। आने वाले समय में 3जी तथा 4जी का डाटा उपयोग बढ़ेगा, जिसे सेंटर के जरिए बेहतर तरीके से सुविधाएं दी जा सकेंगी। कंपनी की ओर से यहां विश्व में सबसे बड़े आकार की विडियो वाल बनाई गई है।
3600 वर्ग फीट की इस वाल पर सॉलिड स्टेट एलईडी स्क्रीन के जरिए लगातार देश भर के एयरटेल नेटवर्क की निगरानी की जा सकेगी। जिसमें कंपनी के सभी तरह के लैंडलाइन, मोबाइल, डीटीएच, डीएसएल ब्रॉडबैंड, एम कॉमर्स और देश भर में बिछाई केबल की निगरानी की जा सकेगी। यह भवन पूरी तरह से भूकंपरोधी बनाया गया है। आपातकालीन समय में यह सेंटर को कंट्रोल रूम के तौर पर भी प्रयोग किया जा सकेगा।