तीन निजी बैंकों पर मनी लॉडरिंग के आरोपों के बाद पूरे बैंकिंग सेक्टर पर सख्ती बढ़ने की आशंका से घरेलू शेयर बाजार में घबराहट का माहौल रहा। इसके चलते बीएसई का सेंसेक्स 143 अंक गिरकर 19,427.56 और एनएसई का निफ्टी 36.35 अंक घट कर 5872.60 अंक पर बंद हुआ।
बीएसई का मिडकैप 39.89 अंक नीचे 6,386.13 अंक के स्तर पर और स्मॉलकैप 52.23 अंक नीचे 6,179.53 अंक के स्तर पर रहा। रेटिंग एजेंसी स्टेंडर्ड एंड पुअर (एसएंडपी) की ओर से भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता जताया जाना भी बाजार में गिरावट की वजह बना।
रीयल्टी, बैंकिंग, तेल-गैस, ऑटो और कैपिटल गुड्स वर्ग के शेयरों में जोरदारी बिकवाली हुई। बीएसई में कुल 2,990 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें 1,114 लाभ में और 1,754 नुकसान में रहे बाकी 122 में कोई बदलाव नहीं हुआ।
सेंसेक्स में बढ़त में रहने वालो में महिंद्रा 1.48 फीसदी, टाटा पावर 1.19, हीरो मोटोकॉर्प 0.73, विप्रो 0.57, हिन्दुस्तान यूनि 0.49, सन फर्मा 0.34, रेड्डीज लैब 0.32, इनफोसिस 0.31, एचडीएफसी 0.29, एसबीआई 0.26, कोल इंडिया 0.25 और टीसीएस 0.19 फीसदी लाभ के साथ शामिल रही।
नुकसान उठाने वालों में बैंकिंग वर्ग के शेयरों पर सबसे ज्यादा मार देखी गई। यह खबर आने के बाद कि आईसीआईसीआई बैंक के खिलाफ काले धन को सफेद करने की जांच की जा रही है। इसके चलते सेंसेक्स में आईसीआईसीआई बैंक के शेयर सबसे ज्यादा 3.93 फीसदी गिरे।
इसके साथ ही टाटा मोटर्स 3.27 फीसदी, गेल इंडिया 2.60, आरआईएल 1.96, एचडीएफसी बैंक 1.67, भारती एयरटेल 1.25, एलएंडटी 1.09, मारुति सुजुकी 1.09, जिंदल स्टील 0.92, टाटा स्टील 0.77, एनटीपीसी 0.90, भेल 0.75, हिंडाल्को 0.30, ओएनजीसी 0.75 स्टरलाइट 0.15 और आईटीसी 0.15 प्रतिशत के घाटे में रही।