फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तूल पकड़ रहा है आस्ट्रेलियाई कंपनी का ठेका रद्द करने का मामला

Thu, 16 Oct 2014 08:56 AM IST
नई दिल्ली/ सुजय मेहदूदिया
विज्ञापन
विज्ञापन
बिजली बनाने वाली सरकारी कंपनी एनटीपीसी द्वारा आस्ट्रेलियाई कंपनी थीएस का 307 अरब रुपये का (5 अरब डॉलर) ठेका रद्द किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। एनटीपीसी के इस कदम का न केवल आस्ट्रेलियाई कंपनी ने विरोध किया है, बल्कि आस्ट्रेलिया की सरकार ने भी इसे गैरकानूनी करार दिया है। थीएस को झारखंड के पकरी बरवाडीह स्थित एनटीपीसी की कोयला खान के विकास और संचालन का ठेका डेवलपर-कम-ऑपरेटर (डीएमओ) आधार पर दिया गया था।
विज्ञापन


थीएस ने कोयला, बिजली और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल के साथ हुई एक बैठक में सरकार से कहा कि उसका ठेका गैरकानूनी ढंग से रद्द किया गया है। थीएस ने कहा कि एनटीपीसी ने अपनी अक्षमता से ध्यान हटाने के लिए मनमाने ढंग से उसके ठेके को निरस्त कर दिया है। उसने कहा कि पकरी बरवाडीह खान के विकास में हो रही
देरी की मुख्य वजह भूमि और खान तक पहुंच (एक्सेस) जैसे मसले थे, जो कि उसके वश से बाहर हैं।

हालांकि कंपनी को अब भी उम्मीद है कि उसका ठेका बहाल कर दिया जाएगा। इसके लिए उसने कोयला एवं बिजली मंत्री गोयल के सामने खान से कोयले का उत्पादन बढ़ाने के लिए अपनी नई योजना (रिवाइज प्लान) को पेश किया है।
विज्ञापन


कंपनी ने भरोसा जताया कि उसके इस प्लान से तीन साल के भीतर बरवाडीह खान से कोयले का उत्पादन बढ़ कर 15 मिलियन टन तक पहुंच जाएगा, जबकि एनटीपीसी की मूल योजना में यह काम 12 वर्ष में होना था।
कंपनी ने बताया कि उसके रिवाइज प्लान को एनटीपीसी कोयला मंत्रालय को भेज चुकी है। थीएस का कहना है कि अबतक उसका कोई भी ठेका कभी रद्द नहीं किया गया है। ऐसे में वह एनटीपीसी के इस कदम से अपनी छवि को खराब होने से बचाने के लिए जरूरत पड़ने पर पंचाट या मध्यस्थता के जरिए इस मुद्दे का समाधान करवाने से भी नहीं हिचकेगी।

हालांकि उसका मानना है कि यह एक लंबी और खर्चीली प्रक्रिया है। इसलिए वह मामले को मैत्रीपूर्ण ढंग से सुलझाने की इच्छुक है। थीएस का इस मामले में यह भी कहना है कि उसकी दरें सबसे वाजिब और सस्ती है और इसी के चलते उसे चार साल से भी ज्यादा समय तक चली अंतरराष्ट्रीय निविदा प्रक्रिया के जरिए यह ठेका मिला था।

थीएस और आस्ट्रेलिया सरकार के अधिकारियों ने मंत्री पीयूष गोयल से यह भी कहा है कि वह खान के काम को फिर से शुरू करने के लिए तैयार है और बहुत कम समय में इसे दोबारा शुरू कर सकती है। सरकार से ठेका बहाल करने का आग्रह करते हुए कंपनी ने कहा है कि उक्त काम के लिए वह अपनी मशीनों और कर्मचारियों को खान की साइट पर भेज चुकी पहले ही तैनात कर चुकी है। ऐसे में वह बहुत ही कम समय में इस काम को शुरू करने में सक्षम है। कंपनी का कहना है कि वह इस ठेके पर अपना काफी समय और पैसा लगा चुकी है। इसलिए वह ठेके के मुताबिक इस परियोजना का काम पूरा करना चाहती है।

थीएस का यह भी कहना है कि मंत्रालय को इस बात पर विचार करना चाहिए कि एक सरकारी कंपनी द्वारा ठेके को इस तरह से रद्द कर देने से विदेशी निवेशकों में एक गलत संदेश जाएगा। अपने बेहतर ट्रैक रिकॉर्ड का हवाला देते हुए कंपनी ने कहा है कि वह कम से कम समय में बरवाडीह खान से कोयले का अच्छा उत्पादन करने में पूरी तरह सक्षम है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें